नगर पालिका इंटर कॉलेज पहुंची विज्ञान बस, विद्यार्थियों ने प्रयोगों से समझा विज्ञान का महत्व

औरैया, 02 अगस्त (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद, उत्तर प्रदेश द्वारा संचालित विज्ञान बस का आगमन स्थानीय नगर पालिका इंटर कॉलेज में हुआ। विज्ञान बस को देखकर कक्षा 6 से 12 तक के छात्र-छात्राओं में उत्साह का माहौल रहा।

विद्यार्थियों ने बस के भीतर लगाए गए विभिन्न वैज्ञानिक मॉडल और प्रयोगों को नजदीक से देखा तथा उनके कार्य करने के तरीके को समझा।

विज्ञान बस में प्रदर्शित प्रयोगों के माध्यम से विद्यार्थियों को दैनिक जीवन में होने वाली अनेक वैज्ञानिक घटनाओं की जानकारी दी गई। प्रयोगों को प्रत्यक्ष रूप से देखकर छात्रों ने विज्ञान के सिद्धांतों को सरल और रोचक ढंग से समझा। बस का भ्रमण करने के बाद विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति विशेष उत्साह देखने को मिला।

प्रधानाचार्य सुनील कुमार मिश्र ने कहा कि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद की यह पहल विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच और विज्ञान के प्रति रुचि विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि विज्ञान बस के माध्यम से छात्र-छात्राएं कई वैज्ञानिक प्रयोगों को अपनी आंखों के सामने देखकर उन्हें बेहतर ढंग से समझ सकते हैं।

कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षक प्रदीप दुबे, आलोक शुक्ल, गंभीर सिंह, आशुतोष शुक्ल, विनय चतुर्वेदी, उपप्रधानाचार्य अमर चंद्र तथा शिक्षिकाएं कुमकुम, प्रतिभा, बिंदू और शुभिका सहित विद्यालय परिवार का सक्रिय सहयोग रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *