खातीपुरा ट्रेन को बम से उड़ाने की धमकी देने का आरोपित गिरफ्तार

अजमेर, 4 नवम्बर(हि.सं.)। जयपुर के खातीपुरा से अजमेर आ रही एक्सप्रेस ट्रेन को बम से उड़ाने की धमकी देने का आरोपित आखिर जांच में उसी ट्रेन में बैठा हुआ पकड़ा गया।

ट्रेन में बम की धमकी से अजमेर जीआरपी तथा आरपीएफ सहित अन्य सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया था, देखते ही देखते अजमेर जीआरपी और अजमेर के रेलवे सुरक्षा बल सहित अन्य जांच एजेंसियों ने खातीपुरा एक्सप्रेस ट्रेन को अजमेर में रुकवा कर पूरी तरह खंगाल डाला। गनीमत यह रही की ट्रेन में किसी प्रकार की विस्फोटक सामग्री नहीं मिली लेकिन जीआरपी थाना पुलिस ने ट्रेन को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले नंदकिशोर नामक नशेड़ी युवक को गिरफ्तार किया है जिस पर पूर्व में भी ट्रेन में बम धमाका करने की धमकी देने के मुकदमे दर्ज हैं।

जीआरपी थाना प्रभारी इंदूबाला शर्मा ने बताया कि थाने पर ड्यूटी ऑफिसर को जीआरपी कन्ट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि असरवा ट्रेन में बम रखा हुआ है । इस सूचना के मिलते ही ड्यूटी ऑफिसर ने तुरंत अपने उच्च अधिकारियों को इससे अवगत कराया।

उन्होंने बताया कि वे स्वयं थाने पर मौजूद थी, उन्होंने स्टेशन मास्टर को तुरंत सूचना देकर ट्रेन को प्लेटफार्म पर रोकने को कहा वे ट्रेन पर पहुंची साथ ही सुरक्षा बल के अधिकारी, बम निरोधक दस्ता, एटीएस, एसओजी के अधिकारियों सहित अन्य सुरक्षा एजेंसियां को भी मौके पर बुलाया गया। सभी ने ट्रेन का चप्पा चप्पा बारीकी से जांच किया, लेकिन ट्रेन में किसी प्रकार की विस्फोटक सामग्री नहीं होने पर सभी ने राहत की सांस ली।

पुलिस ने जिस व्यक्ति द्वारा जीआरपी कंट्रोल को सूचना दी थी कि उसके पास किसी व्यक्ति का फोन आया है जिसमें उसने बताया है कि ट्रेन में बम रखा हुआ है, उसको ट्रेस किया गया तो वह युवक ट्रेन में ही मिल गया वह शराब के नशे में धुत्त था। उसे हिरासत में लेकर थाने पर लाया गया तथा उसका नाम पता पूछा गया। आरोपित ने अपना नाम नंदकिशोर तथा निवासी नाथद्वारा का होना बता। फिलहाल वह जयपुर में कपड़ा कटिंग का काम करता है। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 212 (बी), 351 (2) तथा 217 (2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है, आरोपी से इन्वेस्टिगेशन जारी है। थाना प्रभारी ने बताया कि पूर्व में भी इसके खिलाफ जयपुर के विधायक पुरी थाना पर इसी प्रकार ट्रेन को बम को उड़ाने की धमकी देने का मामला दर्ज है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *