प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा नशामुक्त भारत के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहनीय : जल शक्ति मंत्री

लखनऊ, 02 अगस्त। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से “नशा मुक्त युवा–विकसित भारत संकल्प अभियान” का सजीव प्रसारण राजधानी लखनऊ में देखा गया। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में प्रारंभ किए गए इस राष्ट्रव्यापी अभियान में ब्रह्माकुमारीज़ सहित 125 से अधिक आध्यात्मिक एवं सामाजिक संगठन सहभागी हैं। अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे से मुक्त कर स्वस्थ, सशक्त एवं संस्कारवान नागरिक बनाना है, जिससे वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार किया जा सके।

लखनऊ में इस राष्ट्रीय शुभारंभ का सीधा प्रसारण ब्रह्माकुमारीज़ गुलज़ार उपवन, सुल्तानपुर रोड स्थित परिसर में विशाल एलईडी स्क्रीन पर किया गया। कार्यक्रम में लखनऊ के अनेक प्रतिष्ठित महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, प्राचार्यों तथा प्रबंधन प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

प्रधानमंत्री ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा जब देश का युवा स्वस्थ, आत्मविश्वासी और नशामुक्त होगा। उन्होंने नशा मुक्ति को केवल सरकारी कार्यक्रम न मानकर जन-जन का अभियान बनाने का आह्वान किया।

उन्होंने बताया कि इस अभियान की शुरुआत काशी में एक पायलट परियोजना के रूप में हुई थी, जो आज राष्ट्रीय जनआंदोलन का रूप ले चुकी है। इस अभियान में मेरा युवा भारत के स्वयंसेवक, देशभर के विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के विद्यार्थी तथा 125 से अधिक आध्यात्मिक एवं सामाजिक संगठन सक्रिय रूप से जुड़े हैं।

प्रधानमंत्री के प्रेरक उद्बोधन के पश्चात दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ किया गया। ब्रह्माकुमारीज़ गोमती नगर की संचालिका राजयोगिनी बीके राधा दीदी ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि सबसे श्रेष्ठ स्थिति यह है कि व्यक्ति किसी भी प्रकार के नशे की लत से दूर रहे। यदि कोई व्यक्ति किसी कारणवश नशे का शिकार हो जाए तो उसे सबसे अधिक आवश्यकता सहारे, स्नेह और सही दिशा दिखाने वालों की होती है। ब्रह्माकुमारीज़ संस्था वर्षों से राजयोग मेडिटेशन के माध्यम से लोगों के मन को सशक्त बनाकर उन्हें नशे की लत से मुक्त कराने तथा प्रेम, शांति, खुशी और सकारात्मक जीवन जीने की कला सिखाने का कार्य कर रही है।

मुख्य अतिथि जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि जीवन के खालीपन को नशे से नहीं, बल्कि सेवा, सफलता और ज्ञान के नशे से भरना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि एक योगी व्यक्ति साधारण परिस्थितियों में रहते हुए भी उच्च विचारों और श्रेष्ठ कर्मों का जीवन जीता है तो वह अपने जीवन को महान बना सकता है, जबकि नशे की लत एक समृद्ध परिवार, उज्ज्वल करियर और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य तक को बर्बाद कर सकती है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा नशामुक्त भारत के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए सभी युवाओं से इस जनअभियान से जुड़ने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (एनएसडी) एवं मेरा युवा भारत के स्वयंसेवकों द्वारा प्रस्तुत प्रेरक नुक्कड़ नाटक का भी प्रसारण किया गया, जिसमें नशे के दुष्परिणामों, परिवार पर उसके विनाशकारी प्रभाव तथा सामूहिक संकल्प एवं इच्छाशक्ति से नशे पर विजय प्राप्त करने का प्रभावशाली संदेश दिया गया।

अंत में डॉ. भूपेन्द्र ने उपस्थित सभी छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं अतिथियों को जीवनभर किसी भी प्रकार का नशा न करने तथा दूसरों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करने की सामूहिक प्रतिज्ञा दिलाई। इसके पश्चात सभी को प्रसाद वितरित किया गया और कार्यक्रम का समापन हुआ।

इस अवसर पर ब्रह्माकुमारीज़ ने संकल्प व्यक्त किया कि संस्था राजयोग मेडिटेशन, आध्यात्मिक सशक्तिकरण, मूल्यनिष्ठ जीवनशैली एवं व्यक्तित्व विकास आधारित कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यालयों, महाविद्यालयों, सरकारी संस्थानों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों एवं समाज के विभिन्न वर्गों तक इस अभियान को जन-जन का आंदोलन बनाने के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *