लखनऊ, 16 सितंबर । उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बुधवार को झाड़ियों के किनारे एक लकड़ी के बक्शे में युवक की लाश मिली है। सूचना पर मोहनलालगंज और निगोहां थाना की पुलिस पहुंची और सीमा विवाद में उलझ गई। घटना मोहनलालगंज थाना की निकली। इसके बाद थाना प्रभारी रामबाबू ने बक्सा खुलवाकर शव बाहर निकलवाया और कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की गई।
लखनऊ में बुधवार को निगोहां से पहले भावाखेड़ा गांव के पास हाईवे किनारे माइनर में लकड़ी के बक्से के अंदर एक अज्ञात युवक का खून से लथपथ शव मिला। ग्रामीणों ने पहले बक्शे को देखा तो उसके पास पहुंच गये, लेकिन जब बक्शे के अंदर युवक का शव पड़ा देखा तो होश उड़ गये। सूचना पाकर निगोहां और मोहनलालगंज थाना की पुलिस मौके पर पहुंच गई। लेकिन सीमा विवाद में मामला काफी देर फंसा रहा। इसके बाद लेखपाल को बुलाया गया। लेखपाल ने नपाई कर दोनों थानों की सीमा स्पष्ट की, जिसके बाद मोहनलालगंज पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।
थाना प्रभारी रामबाबू ने बताया कि शव करीब दो से तीन दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। मृतक की उम्र करीब 32 से 34 वर्ष के बीच है। आसपास के गांवों में लोगों से पूछताछ और मृतक के हुलिए और अन्य विवरण के आधार पर पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस उपायुक्त दक्षिणी मो. मुश्ताक ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव की शिनाख्त व घटना के सफल अनावरण के लिए संबंधित को आवश्यक दिशा निर्देश दिए हैं।