शिवालिक नगर में कुंभ तैयारियों का जायजा, पुल-सड़क कार्यों में तेजी के निर्देश

हरिद्वार, 16 सितंबर । कुंभ मेला की तैयारियों को लेकर मेला प्रशासन ने मेला क्षेत्र के साथ ही श्रद्धालुओं की आवाजाही से जुड़े आसपास के क्षेत्रों में भी विकास कार्यों की रफ्तार बढ़ा दी है। बुधवार को मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने शिवालिक नगर क्षेत्र का भ्रमण कर कुंभ से संबंधित विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।

मेलाधिकारी ने क्षेत्र में चल रहे पुल और सड़क निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इसके साथ ही चौराहों के सुधार, पार्किंग व्यवस्था, सौंदर्यीकरण और जन-सुविधाओं से जुड़े कार्यों की भी जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बेहतर विभागीय समन्वय के साथ कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी निर्माण एवं विकास कार्य सुगम यातायात, श्रद्धालुओं की सुविधा और स्थानीय जरूरतों को ध्यान में रखते हुए योजनाबद्ध तरीके से किए जाएं।

निरीक्षण के दौरान मेलाधिकारी ने नगर पालिका परिषद शिवालिकनगर के अध्यक्ष राजीव शर्मा और स्थानीय नागरिकों से भी संवाद किया। उन्होंने क्षेत्र की समस्याओं और कुंभ के दौरान आवश्यक जन-सुविधाओं को लेकर सुझाव लिए। उन्होंने अधिकारियों को प्राप्त सुझावों का परीक्षण कर आवश्यकतानुसार कार्ययोजना में शामिल करने के निर्देश दिए।

मेलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि कुंभ से जुड़े कार्य निर्धारित समय में पूरे किए जाएं, ताकि मेले के दौरान श्रद्धालुओं के साथ स्थानीय नागरिकों को भी बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

निरीक्षण के दौरान एचआरडीए सचिव प्रत्यूष सिंह, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता योगेश कुमार, एचआरडीए उद्यान अधिकारी ए.आर. जोशी समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *