रीवाः उपमुख्यमंत्री शुक्ल ने सुपर स्पेशिलिटी हॉस्पिटल का किया निरीक्षण, मरीजों का जाना हाल

रीवा, 26 सितंबर । मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने शनिवार को रीवा प्रवास के दौरान सुपर स्पेशिलिटी अस्पताल का निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल परिसर, विभिन्न वार्डों तथा अति-गंभीर देखरेख इकाइयों का गहन अवलोकन किया और भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों से सीधा संवाद कर उन्हें उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री स्वयं मरीजों के पास पहुँचे और उनका हालचाल जाना। उन्होंने मरीजों और उनके परिजनों से अस्पताल में मिल रहे इलाज, दवाओं की उपलब्धता आदि विषय पर चर्चा की। मरीजों द्वारा अधिकांश सेवाओं पर संतोष व्यक्त करने पर उप मुख्यमंत्री ने प्रसन्नता जताई, साथ ही अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए कि मरीजों की हर छोटी-बड़ी समस्या का त्वरित और संवेदनशील समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अस्पताल में आने वाले हर पीड़ित व्यक्ति को न केवल उत्कृष्ट चिकित्सा देखभाल मिले, बल्कि उसके साथ सहानभूतिपूर्ण और मानवीय व्यवहार भी किया जाए।

अस्पताल की व्यवस्थाओं का अवलोकन करने के पश्चात उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने मेडिकल कॉलेज के डीन, अस्पताल अधीक्षक, विभागाध्यक्षों तथा वरिष्ठ चिकित्सकों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने ओपीडी प्रबंधन, आपातकालीन सेवाओं की तत्परता, चिकित्सा उपकरणों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की। समीक्षा बैठक के दौरान उप मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि अस्पताल में आवश्यक एवं जीवनरक्षक दवाओं का पर्याप्त स्टॉक हर समय उपलब्ध रहे, ताकि मरीजों को बाहर से दवाएं खरीदने की आवश्यकता न पड़े। जांच उपकरण सदैव सुचारू रूप से कार्यशील रहें। तकनीकी खराबी आने पर उसका तत्काल निराकरण कराया जाए। श्री शुक्ल ने निर्देशित किया कि वार्डों, आईसीयू और शौचालयों में स्वच्छता का उच्चतम स्तर बनाए रखने के लिए सफाई व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग की जाए।

बैठक में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि रीवा का सुपर स्पेशिलिटी अस्पताल संपूर्ण विंध्य अंचल के लिए एक वरदान सिद्ध हो रहा है। निरंतर यह प्रयास है कि इस क्षेत्र के नागरिकों को गंभीर एवं जटिल बीमारियों के इलाज के लिए बाहर अन्य शहरों की ओर न जाना पड़े। उन्होंने कहा कि रीवा में स्वास्थ्य अवसंरचना को और अधिक सुदृढ़ किया जा रहा है। आने वाले समय में सुपर स्पेशिलिटी अस्पताल में नए विभागों के विस्तार, सुपर-स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की तैनाती और नई उन्नत तकनीकों के समावेश पर तेजी से कार्य चल रहा है, ताकि क्षेत्र के अंतिम व्यक्ति तक विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *