विदिशाः खनिज विभाग के प्रमुख सचिव विवेक पोरवाल ने खेजड़ा गोपाल में किया जनसंवाद

विदिशा, 26 सितम्बर । मध्य प्रदेश में संचालित मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत शनिवार को विदिशा जिले की सिरोंज तहसील के 25 ग्रामों में विशेष शिविर एवं जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए। खनिज विभाग के प्रमुख सचिव विवेक पोरवाल ने ग्राम खेजड़ा गोपाल में पहुंचकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया तथा उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं और स्थानीय स्तर पर संचालित विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।

इसी क्रम में कलेक्टर अंशुल गुप्ता ने अभियान के तहत विभिन्न ग्रामों का भ्रमण कर शासकीय संस्थाओं, निर्माणाधीन विकास कार्यों एवं जनसुविधाओं का मौके पर निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक समस्याओं की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित एवं प्राथमिकता से निराकरण के निर्देश दिए।

कलेक्टर अंशुल गुप्ता ने महू पंचायत पहुंचकर एकीकृत शाला का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्थाओं, विद्यार्थियों की उपस्थिति तथा उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। इसके साथ ही आंगनवाड़ी केन्द्र एवं उचित मूल्य की दुकान का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

चितावर पंचायत में कलेक्टर गुप्ता ने उचित मूल्य की दुकान एवं आंगनवाड़ी केन्द्र का निरीक्षण किया। उन्होंने हाईस्कूल पहुंचकर विद्यार्थियों से संवाद किया और शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली। इसके साथ ही आयुष्मान आरोग्य केन्द्र का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। पंचायत भवन में पहुंचकर कर कलेक्टर गुप्ता ने ग्रामीणों की समस्यायों से अवगत होकर आवेदनों पर आवश्यक कार्रवाई कराई।

खेजड़ा गोपाल में एकीकृत शाला एवं पंचायत भवन का निरीक्षण, ग्रामीणों से जनसंवाद

कलेक्टर अंशुल गुप्ता ग्राम खेजड़ा गोपाल पहुंचे, जहां उन्होंने एकीकृत शाला एवं पंचायत भवन का निरीक्षण किया। इसके बाद पंचायत भवन में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में ग्रामीणों से सीधे चर्चा की। ग्रामीणों द्वारा बताई गई व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए कलेक्टर ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

इसी ग्राम में खनिज विभाग के प्रमुख सचिव विवेक पोरवाल ने भी जनसंवाद कार्यक्रम में ग्रामीणों से चर्चा कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव सुने। उन्होंने शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के लिए मैदानी स्तर पर प्रभावी समन्वय पर जोर दिया।

सिरोंज के आजीविका मिशन भवन में उद्यम संवाद में भी सहभागिता निभाई यहां केन्द्र व राज्य सरकार की हितग्राही मूलक योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों ने अपने संस्मरण साझा कर जीवन में आए परिवर्तन पर प्रकाश डाला है।

सिरोंज में कलेक्टर गुप्ता ने आजीविका मिशन के अंतर्गत आयोजित उद्यम संवाद कार्यक्रम में सहभागिता की। उन्होंने ग्रामीण एवं स्व-सहायता समूहों से जुड़े उद्यमियों की गतिविधियों, रोजगार एवं स्वरोजगार की संभावनाओं तथा शासन की योजनाओं से मिल रहे सहयोग की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने स्थानीय स्तर पर आजीविका के अवसरों को बढ़ावा देने और पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *