नेपाल में रसोई गैस आपूर्ति सामान्य होने की उम्मीद

काठमांडू, 09 अगस्त । नेपाल की राजधानी काठमांडू समेत देश के विभिन्न हिस्सों में पिछले कुछ दिनों से रसोई गैस (एलपीजी) की कमी धीरे-धीरे कम होने लगी है। नेपाल ऑयल कॉरपोरेशन (एनओसी) ने बताया कि इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसी) से आयात बढ़ने और वितरण प्रक्रिया को सुचारु बनाए जाने के बाद गैस की आपूर्ति धीरे-धीरे सामान्य हो रही है। एनओसी ने 15 जुलाई से 14.2 किलोग्राम के पूरे सिलेंडर की बिक्री फिर शुरू की थी। इसके बाद बाजार में अचानक मांग बढ़ गई, जिससे गैस की कमी पैदा हो गई।

एनओसी के एलपी गैस विभाग के निदेशक बिनितमणि उपाध्याय के अनुसार, 7.1 किलोग्राम के आधे सिलेंडर से फिर पूर्ण सिलेंडर के वितरण की ओर लौटने के शुरुआती दिनों में आपूर्ति पर दबाव पड़ा था, लेकिन अब बिक्री और वितरण व्यवस्था स्थिर होने लगी है। उपाध्याय ने कहा, “आईओसी की रिफाइनरियों से रोजाना 100 से अधिक गैस बुलेट लोड किए जा रहे हैं। अधिकतम एक सप्ताह के भीतर आपूर्ति पूरी तरह सुचारु हो जानी चाहिए। हम उपभोक्ताओं से अनावश्यक रूप से सिलेंडर जमा नहीं करने का आग्रह करते हैं।” पश्चिम एशिया में तनाव और संभावित संकट के कारण आपूर्ति बाधित होने की आशंका को देखते हुए एनओसी ने 10 मार्च से केवल 7.1 किलोग्राम के आधे सिलेंडर वितरित करना शुरू किया था।

एलपी गैस उद्योग संघ के अध्यक्ष कृष्ण भक्त श्रेष्ठ ने बताया कि उपभोक्ताओं ने आधे सिलेंडर में ज्यादा रुचि नहीं दिखाई और पूर्ण सिलेंडर की बिक्री दोबारा शुरू होने की उम्मीद में उन्हें अपने पास रखा। इससे बाद में मांग अचानक बढ़ गई। उद्योग, वाणिज्य एवं आपूर्ति मंत्री गौरी यादव ने बताया कि आगामी बड़े त्योहारों की तैयारी को देखते हुए सरकार अगले तीन महीनों के लिए भारत से नेपाल का गैस कोटा बढ़ाने के संबंध में कूटनीतिक पहल भी कर रही है। वर्तमान में नेपाल में 58 एलपी गैस उद्योग संचालित हैं, जिनकी कुल भंडारण क्षमता 10,166 मीट्रिक टन है।

गैस वितरण को सुचारु बनाने के लिए एनओसी और उद्योग, वाणिज्य एवं आपूर्ति मंत्रालय ने बाजार की निगरानी तेज कर दी है। शनिवार को मंत्री यादव और एनओसी के वरिष्ठ अधिकारियों ने बालाजू स्थित नेपाल गैस उद्योग तथा टेकू के कई वितरण केंद्रों का निरीक्षण किया। एनओसी के अनुसार, निरीक्षण के दौरान कृत्रिम कमी या कालाबाजारी के कोई प्रमाण नहीं मिले। वहीं, गैस नहीं मिलने की उपभोक्ताओं की शिकायतों के समाधान के लिए निगम द्वारा गठित त्वरित प्रतिक्रिया टीम अब तक 500 से अधिक शिकायतों का समाधान कर चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *