ग्वालियरः रानी लक्ष्मीबाई समाधि स्थल पर गूंजा राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’

ग्वालियर, 10 अगस्त । स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित किए जा रहे कार्यक्रमों की श्रृंखला में सोमवार को मध्य प्रदेश के ग्वालियर स्थित रानी लक्ष्मीबाई समाधि स्थल पर केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल के बैंड द्वारा राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ की थीम पर भव्य संगीतमय प्रस्तुति दी गई। देशभक्ति से ओत-प्रोत इस प्रस्तुति ने समाधि स्थल परिसर के वातावरण को राष्ट्रप्रेम की भावना से भर दिया।

राष्ट्रगीत की मधुर एवं ओजपूर्ण धुनों से ग्वालियरवासियों में देशभक्ति का संचार हुआ और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में सहभागिता की। स्वतंत्रता दिवस समारोहों की इसी कड़ी में ग्रुप केन्द्र, केरिपुबल, ग्वालियर परिसर में योगाभ्यास का आयोजन किया गया। इसके साथ ही ग्रुप केन्द्र के मांटेसरी स्कूल के बच्चों ने ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गान किया।

इस आयोजन का उद्देश्य नन्हे विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और देश के प्रति गौरव की भावना को और सुदृढ़ करना रहा। सम्पूर्ण कार्यक्रम अत्यंत गरिमामयी एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों एवं पुलिस बल के अधिकारियों ने देश की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम में पुलिस उप महानिरीक्षक, ग्रुप केन्द्र, ग्वालियर आर.के. निगम, क्षेत्रीय कावा अध्यक्ष सुनीता निगम, कमाण्डेंट पी.सी. गुप्ता, उप कमाण्डेंट दिलावर सिंह, सहायक कमाण्डेंट हरीश चंद शर्मा, मांटेसरी स्कूल की प्राचार्य ज्योति सिकरवार सहित केरिपुबल के वरिष्ठ अधिकारी, जवान एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर बैंड प्रस्तुति को सफल बनाने में सहयोग प्रदान करने के लिए उपस्थित मीडिया प्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम ने स्वतंत्रता दिवस की पूर्व बेला में राष्ट्रभक्ति, एकता और शहीदों के प्रति सम्मान की भावना को और प्रबल किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *