(अपडेट) मेगा रक्तदान शिविर में मुख्यमंत्री किया रक्तदान, 2,080 यूनिट किया गया रक्त एकत्र

नई दिल्ली, 17 सितंबर । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत दिल्ली सरकार द्वारा गुरुवार को त्यागराज स्टेडियम में मेगा रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने स्वयं रक्तदान कर अभियान में सहभागिता की और दिल्लीवासियों से मानवता की सेवा के लिए आगे आने का संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के निस्वार्थ और समर्पित सार्वजनिक जीवन से प्रेरणा लेते हुए ‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से दिल्ली में सेवा और जनभागीदारी की भावना को मजबूत किया जा रहा है। रक्तदान केवल रक्त देने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि मानवता, करुणा और आत्मीयता के पावन बंधन को मजबूत करने वाला संकल्प है। शिविर में 2,080 यूनिट रक्त एकत्र किया गया।

इस अवसर पर केंद्रीय राज्यमंत्री हर्ष मल्होत्रा, दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री, विधायक और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे। केंद्रीय राज्यमंत्री हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि रक्तदान महादान है और किसी जरूरतमंद का जीवन बचाने से बड़ा सेवा कार्य कोई नहीं। प्रधानमंत्री के जन्मदिवस को सेवा दिवस के रूप में मनाते हुए जनसेवा का यह संकल्प सभी को निरंतर सेवा के लिए प्रेरित करता रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर नागरिकों की ओर से सेवा, सहयोग और मानवता का यह संकल्प एक सार्थक संदेश देता है। उन्होंने दिल्लीवासियों से अपील की कि जो नागरिक आज रक्तदान नहीं कर पाए, वे भविष्य में पात्र होने पर स्वैच्छिक रक्तदान करें और सेवा के इस अभियान का हिस्सा बनें। रक्तदान केवल जीवनदान नहीं, बल्कि मानवता और राष्ट्र के प्रति हमारा पावन कर्तव्य है। उन्होंने सेवा के इस संकल्प में सहभागी बन रही पूरी ‘टीम दिल्ली’ को नमन किया और सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि सेवा और जनभागीदारी की भावना के साथ आज दिल्ली में मेगा ब्लड डोनेशन कैंप का आयोजन किया गया। प्रधानमंत्री की जनसेवा की भावना से प्रेरित होकर दिल्ली के हजारों लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान में भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *