नंदा देवी महोत्सव में विधिक स्टॉल का उद्घाटन

नैनीताल, 17 सितंबर । उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल के संयुक्त तत्वावधान में नंदा देवी महोत्सव मेला स्थल पर विधिक स्टॉल का उद्घाटन विशेष कार्याधिकारी हर्ष यादव तथा सिविल जज (सीनियर डिवीजन)/सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पारुल थपलियाल ने किया।

स्टॉल के माध्यम से महोत्सव में आने वाले श्रद्धालुओं, मेलार्थियों एवं आमजन को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाएगा। यहां नि:शुल्क विधिक सहायता, महिलाओं एवं बच्चों के अधिकारों तथा विभिन्न महत्वपूर्ण कानूनों की जानकारी सरल भाषा में उपलब्ध कराई जाएगी। अधिकार मित्रों द्वारा विधिक जानकारी देने के साथ सरल कानूनी ज्ञानमाला एवं पुस्तकों का वितरण भी किया जाएगा तथा जरूरतमंद लोगों को विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

विधिक जागरूकता को प्रभावी बनाने के लिए स्टॉल परिसर में सांस्कृतिक संस्थानों के सहयोग से नुक्कड़ नाटकों का आयोजन भी किया जाएगा। इनके माध्यम से लोगों को अधिकारों, कर्तव्यों और विभिन्न कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी जाएगी। महोत्सव के अंतिम दिन राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण समाज कल्याण विभाग के सहयोग से चयनित वृद्धजनों एवं दिव्यांगजनों को कान की मशीन, लाठी, व्हीलचेयर, कमर बेल्ट सहित कृत्रिम एवं सहायक उपकरण वितरित करेगा।

इसके अलावा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से आयोजित विभिन्न विधिक जागरूकता प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया जाएगा। उद्घाटन के दौरान प्रशासनिक अधिकारी रमाकांत चौधरी, अधिवक्ता सरिता बिष्ट, अंबिका, यशवंत कुमार एवं पंकज प्रसाद सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *