सफाई व्यवस्था में लापरवाही पर पांच फर्मों पर 95 हजार रुपये जुर्माना

बरेली, 12 अगस्त । शहर की सफाई व्यवस्था में लापरवाही और डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन में अनियमितता पर नगर निगम ने सख्ती शुरू कर दी है। नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य की अध्यक्षता में बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था की समीक्षा की गई। इस दौरान पीलीभीत बाईपास रोड से संजय नगर मार्ग, सैटेलाइट से वनखंडीनाथ मंदिर मार्ग, कुदेशिया फाटक से लल्ला मार्केट और मिनी बाईपास मार्ग पर नियमित सफाई न होने और जगह-जगह गंदगी मिलने पर संबंधित फर्मों पर कुल 95 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।

मैसर्स पीपीपी सिक्योरिटी पर 30 हजार, आयुषी हाईजिन एंड केयर प्राईवेट लिमिटेड पर 10 हजार, अवर ड्रीम पर 20 हजार, कोणार्क ग्लोबल पर 20 हजार और कय्यूम ठेकेदार पर 15 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। फर्मों को चेतावनी दी गई कि व्यवस्था में सुधार न होने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन में अपेक्षित सुधार न होने पर सभी सफाई निरीक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। बनखंडीनाथ, संजय नगर और डीडी पुरम के सफाई नायकों तथा संबंधित सफाई निरीक्षकों को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश भी दिए गए।

नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने कहा कि सफाई व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारी नियमित भ्रमण कर नागरिकों से संवाद और फीडबैक लें। कूड़ा डालने वाले संवेदनशील गार्बेज वल्नरेबल प्वाइंट (जीवीपी) को चिह्नित कर जागरूकता, नोटिस और कार्रवाई के बाद उनका सौंदर्यीकरण कराया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *