जौनपुर, 02 अक्टूबर । उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में सरायख्वाजा थाना क्षेत्र स्थित मोलनापुर गांव में दुराचार के आरोपिताें की गिरफ्तारी न होने से नाराज ग्रामीणों ने शुक्रवार को शिकारपुर तिराहे पर चक्का जाम कर प्रदर्शन किया। करीब दो घंटे तक जौनपुर-खुटहन और बैजारामपुर मार्ग पर यातायात बाधित रहा। पुलिस ने बल प्रयोग कर प्रदर्शनकारियों को सड़क से हटाया, जिसके बाद आवागमन बहाल हो सका।
सात सितंबर को मोलनापुर गांव में दुराचार की घटना हुई थी। पीड़ित के परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद पुलिस आरोपिताें के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रही है। इसी को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बनी हुई थी।
शुक्रवार सुबह शीला देवी और सीता देवी के नेतृत्व में करीब 50 ग्रामीण शिकारपुर पुलिस चौकी पहुंचे। यहां नारेबाजी करने के बाद ग्रामीणों ने शिकारपुर तिराहे पर सड़क जाम कर दिया। देखते ही देखते दोनों मार्गों पर वाहनों की कतार लग गई।
जाम की सूचना पर उप जिलाधिकारी के साथ सरायख्वाजा, खेतासराय, लाइन बाजार और खुटहन थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने और मामले में निष्पक्ष जांच का भरोसा देकर जाम समाप्त कराने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे।