फिरोजाबाद : खड़ी ट्रेन के कोच में लगी आग,धमाके में एक घायल

शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन पर खड़ी ट्रेन के एक कोच में शनिवार को अचानक भीषण आग लग गई। मौके पर पहुंची फायर बिग्रेड की गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। फिलहाल रेलवे अधिकारी और पुलिस घटना की जांच कर रही है।

फिरोजाबाद के शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन पर ट्रैक मेंटेनेंस मशीन रेलवे माल गोदाम के पास खड़ी थी। इस ट्रैक मेंटेनेंस मशीन का इस्तेमाल रेलवे के पीडब्ल्यूआई विभाग के कर्मचारी ट्रैक से जुड़े काम के दौरान यात्रा और रहने के लिए करते हैं। शनिवार को इस मशीन की एक बोगी में अचानक आग लग गई।देखते ही देखते आग ने पूरे डिब्बे को अपनी चपेट में ले लिया और कोच धू-धू कर जलने लगा। आग के दौरान कोच में रखा एक सिलेंडर भी भयंकर आवाज के साथ फट गया, जिससे आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया।धमाके की चपेट में आने से एक व्यक्ति घायल हो गया। घायल को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

इधर, सूचना मिलते ही रेलवे की आपातकालीन टीमें और दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। सुरक्षा के लिहाज से ट्रेन के अन्य डिब्बों को अलग कर दिया गया, ताकि आग आगे न फैल सके। फायर ब्रिगेड की कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग की वजह से आसपास के इलाके में काफी देर तक हलचल रही। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आग लगने की वजह सॉर्ट सर्किट बताई जा रही है।

इस सम्बन्ध में मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) सतेंद्र पांडे ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

———-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *