यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो से प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मिलेगी मजबूती : गिरीश चंद्र यादव

जौनपुर, 26 सितंबर । यूपी के ग्रेटर नोएडा में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के चौथे संस्करण के उद्घाटन और छह सहयोगी देशों की भागीदारी को लेकर प्रदेश के खेलकूद एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव ने शनिवार को हिंदुस्थान समाचार प्रतिनिधि से बातचीत करते हुए कहा कि इस आयोजन से उत्तर प्रदेश को बड़ा आर्थिक लाभ मिलने वाला है। ट्रेड शो के माध्यम से प्रदेश के उत्पादों, उद्योगों और कारोबार को देश-दुनिया के बाजार से जोड़ने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी। प्रदेश सरकार ने उत्तर प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो जैसे आयोजन इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

राज्यमंत्री ने कहा कि ट्रेड शो में देश-विदेश के निवेशकों, उद्यमियों और कारोबारी प्रतिनिधियों की भागीदारी से प्रदेश में व्यापार और निवेश की संभावनाएं बढ़ेंगी। स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध होने से प्रदेश के उद्यमियों और युवाओं को भी लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार औद्योगिक विकास, निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में लगातार काम कर रही है। सरकार का लक्ष्य है कि विभिन्न क्षेत्रों में निवेश को बढ़ावा देकर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई गति दी जाए। उन्होंने कहा कि निर्धारित प्रयासों के माध्यम से वर्ष 2029 तक उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को एक ट्रिलियन डॉलर के लक्ष्य तक पहुंचाने की दिशा में काम किया जा रहा है।———-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *