नारनाैल: पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत लगातार कर रहा तरक्की : नायब सैनी

नारनाैल, 27 सितंबर । हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर तरक्की के पथ पर अग्रसर है। आज भारत की गणना विश्व के चुनिंदा देशों में होती है। मुख्यमंत्री रविवार को वडनगर से वाराणसी जा रही सेवा यात्रा के हरियाणा की सीमा पर पहुंचने के अवसर पर आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन और सेवा कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश ने विभिन्न क्षेत्रों में प्रगति की है। इस दौरान सेवा यात्रा का मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अर्चना गुप्ता और अन्य भाजपा नेताओं ने स्वागत किया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने पौधारोपण भी किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने का संदेश दिया। इसके अलावा सैनिकों और उनके परिवारों को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने सैनिकों के योगदान को भी याद किया। मुख्यमंत्री ने सेवा यात्रा में शामिल युवाओं से संवाद भी किया और यात्रा के दौरान यातायात नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित सफर करने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में पूर्व मंत्री अभय सिंह यादव ने गांव बलाहां कलां में पानी के टैंक को नहर से दोबारा जोड़ने की मांग रखी। इसके साथ ही उन्होंने गांव गोद और बलाहां से जुड़ी अन्य मांगों को भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। मुख्यमंत्री ने इन मांगों को स्वीकार करते हुए उन्हें पूरा करने का आश्वासन दिया। स्वागत कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र के लोगों और भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह दिखाई दिया। इस अवसर पर सांसद चौधरी धर्मवीर सिंह, विधायक ओमप्रकाश यादव, विधायक कंवर सिंह यादव, पूर्व मंत्री अभय सिंह, पूर्व डिप्टी स्पीकर संतोष यादव, भाजपा जिला प्रधान यतेंद्र यादव और गोविंद भारद्वाज सहित अन्य नेता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *