भोपाल, 27 सितंबर । मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल के हबीबगंज थाना क्षेत्र में एक युवक ने जहर खा लिया। तबीयत बिगड़ने के बाद रविवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद और बेटी से नहीं मिल पाने के कारण युवक के तनाव में होने की बात सामने आई है।
मृतक की पहचान 12 नंबर मल्टी निवासी 25 वर्षीय सावन पचौरी के रूप में हुई है। वह प्लास्टिक इंजीनियरिंग का काम करता था। परिजनों के मुताबिक, सावन ने करीब तीन साल पहले प्रेम विवाह किया था। बेटी के जन्म के बाद से उसकी पत्नी करीब दो साल से अलग रह रही थी। दोनों के बीच पारिवारिक विवाद भी चल रहा था।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि 22 सितंबर को सावन की बेटी का दूसरा जन्मदिन था। बेटी का जन्मदिन साथ मनाने के लिए उसने पत्नी से घर आने का आग्रह किया था। सावन चाहता था कि पत्नी कम से कम एक दिन के लिए घर आए और बेटी का जन्मदिन मनाकर वापस चली जाए। हालांकि पत्नी घर नहीं आई। इसके बाद सावन बेटी से मिलने का प्रयास कर रहा था। परिजनों के अनुसार, घटना से करीब दो दिन पहले भी वह बेटी से नहीं मिल सका था। इसी बात को लेकर वह मानसिक रूप से परेशान था।
शुक्रवार शाम घर पर सावन ने चूहामार दवा पी ली। कुछ देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और वह उल्टियां करने लगा। सावन काे उल्टियां करते देख परिजन उसे तत्काल हमीदिया अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने भर्ती कर इलाज शुरू किया। हालत गंभीर होने के कारण रविवार को उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम किया और शव का पोस्टमार्टम कराया। पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर रही है। पत्नी से अलग रहने और पारिवारिक विवाद समेत घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। मौत के वास्तविक कारणों और परिस्थितियों का पता जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।