कांवड़ मेले के छठे दिन हरिद्वार से 34 लाख से अधिक कांवड़िये गंगाजल लेकर रवाना

हरिद्वार, 04 अगस्त । श्रावण मास के कांवड़ मेले में शिवभक्तों की आस्था चरम पर है। मेले के छठे दिन मंगलवार को 34 लाख 15 हजार से अधिक कांवड़िये उत्तराखंड के हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए।

मेला कंट्रोल रूम में स्थापित पुलिस कंट्रोल रूम से मंगलवार शाम प्राप्त आंकड़ों के अनुसार अब तक गंगाजल लेकर प्रस्थान करने वाले शिवभक्तों की कुल संख्या एक करोड़ 43 लाख 25 हजार से अधिक हो गई है।

मंगलवार को हर की पैड़ी सहित हरिद्वार के विभिन्न घाटों पर दिनभर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। बड़ी संख्या में शिवभक्तों ने गंगाजल भरकर अपनी कांवड़ यात्रा शुरू की।

श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए कांवड़ मेले को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस, प्रशासन तथा अन्य विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मुस्तैदी से तैनात हैं। मंगलवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी हरिद्वार पहुंचे और उन्होंने श्रद्धालु शिव भक्त कांवड़ियों के चरण प्रक्षालन कर उनका स्वागत किया। कांवड़ियों के ऊपर पुष्प वर्षा भी की गई। उन्होंने कांवड़ियों के स्वास्थ्य व चिकित्सा के लिए मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सेवा शिविर का शुभारंभ कर मेले की व्यवस्था में लगे कर्मचारियों तथा सुरक्षाकर्मियों की हौसला अफजाई की।

जिला प्रशासन ने सभी शिवभक्तों से निर्धारित यात्रा मार्गों का पालन करने, पुलिस एवं प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का अनुपालन करने तथा स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित कांवड़ यात्रा के संचालन में सहयोग करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *