व्यापार मंडल ने की गंगा बंदी दीपावली के बाद करने की मांग

हरिद्वार, 03 नवंबर । प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल ने गंगा बंदी का समय दीपावली के बाद करने की मांग की है। सुभाष घाट पर आयोजित बैठक में व्यापारियों ने गंगा बंदी के समय में बदलाव और कुंभ निर्माण कार्यों में समन्वय को लेकर चर्चा की।

जिला अध्यक्ष डॉ. विशाल गर्ग ने कहा कि दीपावली के दौरान व्यापार चरम पर होता है, लेकिन इसी दौरान गंगा बंदी कर दी जाती है। इससे बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को असुविधा होती है और व्यापार प्रभावित होता है। गंगा बंदी का समय दीपावली पर्व के बाद किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कुंभ निर्माण कार्य स्थानीय जनता और व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखकर और स्थायी प्रकृति के कराए जाएं, ताकि लंबे समय तक लाभ मिल सके। गुणवत्तापूर्ण निर्माण के लिए अधिकारियों को स्वयं मॉनिटरिंग करनी चाहिए।

प्रदेश उपाध्यक्ष शिव कुमार कश्यप और प्रदेश सचिव मयंक मूर्ति भट्ट ने कहा कि कुंभ के दिव्य-भव्य आयोजन के लिए विकास कार्य तेजी से पूरे हों। देश-दुनिया से श्रद्धालु आते हैं, ऐसे में आपसी तालमेल से ही बड़े आयोजन सफल होते हैं। व्यापारियों को संगठित होकर अपनी बात रखनी चाहिए।

तहसील अध्यक्ष पं. अधीर कौशिक और शहर अध्यक्ष प्रवीण शर्मा ने कहा कि कुंभ में भीड़ के दौरान व्यापारियों को धैर्य रखते हुए श्रद्धालुओं को अच्छी सुविधा देनी चाहिए।

बैठक में शहर महामंत्री विमल सक्सेना, कोषाध्यक्ष अनुज गुप्ता, जिला महामंत्री योगेश भारद्वाज, तहसील महामंत्री आदेश मारवाड़ी, कनखल महामंत्री हिमांशु राजपूत, जिला कोषाध्यक्ष अजय अरोड़ा, तेज प्रकाश साहू, निशा गुप्ता, बबीता शर्मा आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *