मिलावट की आशंका के चलते खाद्य सुरक्षा विभाग ने लगाई घी के 1869 लीटर स्टॉक पर सील

जयपुर, 06 अक्टूबर । ‘शुद्ध आहार-मिलावट पर वार’ अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग ने मंगलवार को मुरलीपुरा स्थित आरपी एजेंसीज पर कार्रवाई कर 1869 लीटर प्रभास ब्रांड घी सीज किया। घी की गुणवत्ता में मिलावट की आशंका के चलते विभाग की टीम ने मौके पर उपलब्ध पूरे स्टॉक को सीज करने की कार्रवाई की। घी का निर्माण टीसीआई एग्रो फूड प्रोडक्ट्स, सोनीपत (हरियाणा) द्वारा किया जाता है।

आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण अविचल चतुर्वेदी और अभिहित अधिकारी जयपुर प्रथम डॉ. रवि शेखावत के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने कार्रवाई की। टीम ने प्रभास ब्रांड घी का नमूना लेने के साथ प्रतिष्ठान से गोवर्धन काउ घी के नमूने भी लिए।

अभिहित अधिकारी जयपुर प्रथम डॉ. रवि शेखावत के अनुसार दोनों ब्रांड के नमूने जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजे जाएंगे। प्रयोगशाला से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।

अधिकारियों ने बताया कि आमजन को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मिलावट के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। खाद्य प्रतिष्ठानों से लिए जा रहे नमूनों की जांच के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *