गुरुग्राम: युवक को बलात्कार के झूठे केस में फंसाकर वसूले 90 लाख

गुरुग्राम, 06 अक्टूबर । एक युवक को बलात्कार के झूठे केस में फंसाकर अवैध वसूली करने वाली एक युवती को सदर थाना गुरुग्राम पुलिस ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला झूठे बलात्कार के केस में फंसाने की धमकी देकर एक युवक से अब तक करीब 90 लाख रुपये वसूल चुकी थी। पुलिस ने मौके से 50 हजार रुपये की नकद बरामदगी की है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने मंगलवार को बताया कि आरोपी युवती के बैंक खाते में 95 लाख रुपये फ्रीज करवा दिए हैं।

पुलिस को चार अक्टूबर 2026 को एक युवक ने शिकायत दी थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह करीब तीन साल पहले एक ऑनलाइन ऐप के जरिए एक महिला से मिला था। पहले ऑनलाइन चैट, फिर नंबर एक्सचेंज और मुलाकातों का सिलसिला शुरू हुआ। आरोप है कि नजदीकियां बढऩे के बाद महिला ने उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। शिकायत के अनुसार महिला युवक को झूठे रेप केस में फंसाने और उसके परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी देकर लगातार पैसों की मांग कर रही थी। युवक ने बताया कि डर के कारण वह अब तक बैंक ट्रांसफर और नकद मिलाकर करीब 90 लाख रुपये दे चुका था, फिर भी महिला की मांग खत्म नहीं हो रही थी और वह और लाखों रुपये मांग रही थी। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए थाना सदर पुलिस ने तुरंत टीम गठित की। पुलिस ने शिकायतकर्ता को पैसे देने के लिए कहा और पूरी योजना बनाई। आरोपी महिला ने युवक को सोहना रोड सेक्टर-47 स्थित कॉफी हाउस में पैसे लेने के लिए बुलाया था।

पुलिस टीम सादे कपड़ों में पहले से ही कॉफी हाउस में तैनात हो गई और पूरे घटनाक्रम पर नजर रखी। जैसे ही महिला ने शिकायतकर्ता से 50,000 रुपये नकद लिए, पुलिस ने उसे मौके पर ही काबू कर लिया। तलाशी में बरामद नोटों पर पुलिस द्वारा पहले से किए गए इनिशियल भी मिले, जिससे वसूली पुख्ता हो गई। पकड़ी गई महिला की पहचान सूर्यदीता दास (उम्र 24 वर्ष, शिक्षा एमबीए) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से पश्चिम बंगाल की रहने वाली है। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह ब्लैकमेल कर उससे लगातार पैसे ले रही थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सदर में केस दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी के बैंक खाते में मौजूद करीब 95 लाख रुपये को फ्रीज करवा दिया है। पुलिस अब उसके अन्य शिकारों और बैंक ट्रांजेक्शन की भी जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *