राजगढ़ः राज्यमंत्री टेटवाल ने जन्मदिन पर किया सारंगपुर सिविल अस्पताल का निरीक्षण

राजगढ़, 05 सितम्बर । मध्य प्रदेश के कौशल विकास एवं रोजगार विभाग राज्यमंत्री गौतम टेटवाल ने शनिवार को अपने जन्मदिन के मौके पर राजगढ़ जिले के सारंगपुर सिविल अस्पताल का निरीक्षण किया।

उन्होंने अस्पताल के आईपीडी वार्ड में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर स्वास्थ्य की जानकारी ली और उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। इसके बाद पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) पहुंचकर कुपोषित बच्चों और उनकी माताओं से भी आत्मीय संवाद किया तथा बच्चों को फल वितरित किए। इस दौरान मंत्री टेटवाल ने अस्पताल की लैब में करीब 56 लाख रुपये की लागत से स्थापित चार अत्याधुनिक मशीनों का लोकार्पण किया।

मशीनें शुरू होने के बाद सारंगपुर और आसपास के मरीजों को कई महत्वपूर्ण जांचों के लिए दूसरे शहरों की लैब में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। निर्धारित शुल्क पर अस्पताल में ही आधुनिक तकनीक से जांच की सुविधा उपलब्ध होगी। नई मशीनों से लीवर की 9, किडनी की 3 प्रकार की जांच के साथ लिपिड प्रोफाइल,थायराइड, विटामिन- बी12, विटामिन-डी और हार्ट संबंधी आवश्यक जांचें अस्पताल में ही हो सकेंगी। इससे मरीजों का समय और जांच पर होने वाला अतिरिक्त खर्च दोनों बचेंगे।

राज्यमंत्री ने अस्पताल के विभिन्न विभागों का निरीक्षण कर अधिकारियों से मरीजों को बेहतर उपचार और सुविधाएं उपलब्ध कराने पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों के लोगों को उनके नजदीक ही गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि आवश्यक जांच और उपचार के लिए उन्हें बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़े।

अपने जन्मदिन पर मंत्री टेटवाल ने अस्पताल में भर्ती मरीजों और एनआरसी में उपचाररत बच्चों की माताओं से मुलाकात कर फल वितरित किए और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। इस दौरान मरीजों और उनके परिजनों ने भी उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। अस्पताल में अत्याधुनिक जांच सुविधाओं की शुरुआत को सारंगपुर क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *