पेरू के पुएब्लो विएजो में टूरिस्ट प्लेन क्रैश, 13 की मौत

लीमा (पेरू), 02 अगस्त । देश के दक्षिण में नाजका प्रांत के पुएब्लो विएजो इलाके में एक छोटा पर्यटक विमान हादसे का शिकार हो गया। इस हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई। यह विमान शनिवार को नाजका लाइंस आर्कियोलॉजिकल साइट के ऊपर उड़ते समय क्रैश हो गया।

एनबीसी न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार पेरू के वित्त, पर्यटन, परिवहन और सूचना मंत्रालय ने अलग-अलग बयान में कहा कि विमान में 11 विदेशी नागरिक और दो क्रू मेंबर सवार थे। विदेशी पर्यटकों में इटली, जर्मनी और स्पेन नागरिक थे। परिवहन और सूचना मंत्रालय ने कहा कि इस विमान (सेसना कारवां सी-208) ने दोपहर 12:10 बजे पिस्को एयरपोर्ट से उड़ान भरी । दोपहर 1:00 बजे जब विमान सोकोस शहर के आसपास उड़ रहा था। तभी क्रू ने नास्का एयरपोर्ट के कंट्रोल टावर को आपात सूचना दी। इसके बाद रेडियो संपर्क टूट गया।

स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि विमान पुएब्लो विएजो इलाके में क्रैश हुआ। यह स्थान नाजका शहर से लगभग चार मील और नाजका लाइंस साइट से लगभग लाक मील दूर है। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, यह छोटा विमान स्थानीय पेरूवियन एयरलाइन ‘एरोडियाना’ का है। एरोडियाना ने हादसे पर गहरी संवेदना व्यक्त की है। कंपनी ने बयान में कहा, “अपने 18 साल के ऑपरेशन के दौरान हमने अपने यात्रियों और क्रू की सुरक्षा के प्रति अटूट प्रतिबद्धता बनाए रखी है। विमान वापसी की यात्रा शुरू करने की तैयारी कर रहा था, तभी क्रैश हो गया।”

पेरू के सरकारी प्रसारक आरपीटी के अनुसार, क्रैश होने के बाद विमान में आग लग गई, जिससे बचाव कार्य करना नामुमकिन हो गया। आग बुझाने और शुरुआती बचाव कार्य के लिए दमकल विभाग के कर्मचारियों और पुलिस अधिकारियों को भेजा गया। नाजका लाइन्स पेरू के मुख्य पर्यटन स्थलों में से एक हैं। यहां हर साल लगभग 1,00,000 पर्यटक आते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *