स्वस्थ दिनचर्या अपनाकर बेहतर स्वास्थ्य की ओर बढ़ें, नियमित व्यायाम और संतुलित आहार जरूरी : डॉ. संगीता सारस्वत

कानपुर, 24 सितंबर । स्वस्थ जीवन के लिए नियमित दिनचर्या, संतुलित आहार, व्यायाम, प्राणायाम और पर्याप्त नींद को जीवन का हिस्सा बनाना जरूरी है। सकारात्मक सोच के साथ दिन की शुरुआत करने और नियमित आत्म-मूल्यांकन से भी जीवनशैली में सुधार किया जा सकता है। यह बातें गुरुवार को डॉ. संगीता सारस्वत ने कहीं।

जीएसवीएम मेडिकल कालेज के स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग में गायत्री परिवार के संयुक्त सहयोग से रेजीडेंट्स और सीनियर रेजीडेंट्स के लिए स्वस्थ दैनिक दिनचर्या विषय पर विशेष व्याख्यान आयोजित किया गया। डॉ. संगीता सारस्वत ने वैज्ञानिक अध्ययनों के आधार पर स्वस्थ जीवनशैली के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि दिन की शुरुआत जल्दी उठकर कृतज्ञता, प्रार्थना और दिनभर के कार्यों की योजना के साथ करनी चाहिए। नियमित व्यायाम और प्राणायाम को दिनचर्या में शामिल करने से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर रखने में मदद मिलती है।

उन्होंने भोजन को संतुलित और पौष्टिक रखने पर जोर देते हुए आहार में बीज, मेवे, सब्जियां और फल शामिल करने की सलाह दी। रात में अच्छा साहित्य पढ़ने और दिनभर की गतिविधियों का आत्म-मूल्यांकन करने के साथ पर्याप्त नींद लेने को भी स्वस्थ जीवन के लिए जरूरी बताया।

विभागाध्यक्ष डॉ. सीमा द्विवेदी के नेतृत्व में विभाग की हेल्थ कमेटी का गठन किया गया। कमेटी का उद्देश्य रेजीडेंट्स के संपूर्ण स्वास्थ्य पर ध्यान देना है। इसी क्रम में कार्यक्रम के दौरान रेजीडेंट्स का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया। कार्यक्रम में 30 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया और स्वस्थ दैनिक दिनचर्या अपनाने की शपथ ली।

कार्यक्रम की समन्वयक डॉ. प्रतिमा वर्मा रहीं। इस दौरान डॉ. नीना गुप्ता, डॉ. रेनू गुप्ता, डॉ. शैली अग्रवाल, डॉ. पाविका लाल, डॉ. दिव्या द्विवेदी, डॉ. रश्मि गुप्ता और डॉ. रश्मि यादव समेत विभाग के अन्य वरिष्ठ फैकल्टी सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *