देवरिया, 02 अगस्त । अखिल भारतीय किसान सभा के राष्ट्रीय आह्वान पर 10 अगस्त को प्रस्तावित जेल भरो आंदोलन को सफल बनाने के लिए रविवार को कुकरघांटी स्थित पंचायत भवन में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कामरेड श्रीमती सुमन पाल ने की। इसमें बड़ी संख्या में किसानों और किसान नेताओं ने भाग लेकर आंदोलन की तैयारियों पर चर्चा की।
बैठक को संबोधित करते हुए किसान सभा के प्रदेश संयुक्त सचिव कामरेड साधूशरण ने कहा कि किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है। उन्होंने चीनी मिलों पर गन्ना किसानों का बकाया भुगतान, यूरिया खाद की अनुपलब्धता, किसानों की कर्ज माफी और कृषि संबंधी अन्य मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार किसानों से किए गए वादों को पूरा करने में विफल रही है, जिससे किसानों में व्यापक असंतोष है।
उन्होंने कहा कि किसानों की आवाज को सरकार तक पहुंचाने के लिए 10 अगस्त को होने वाले जेल भरो आंदोलन में अधिक से अधिक संख्या में किसानों की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने सभी किसानों से आंदोलन को शांतिपूर्ण और सफल बनाने का आह्वान किया।
बैठक में कामरेड गंगा प्रसाद यादव, रमाकांत यादव, महेश यादव, हैदर अली, रामनरेश कुशवाहा, श्रीमती ध्यानती सहित अनेक किसान नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने गांव-गांव जाकर किसानों को आंदोलन से जोड़ने और उनकी समस्याओं को संगठित रूप से उठाने का संकल्प लिया। बैठक के अंत में आंदोलन की तैयारियों को लेकर रणनीति भी तय की गई।