टैट परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू, 3 अक्टूबर तक आवेदन

धर्मशाला, 11 सितंबर । हिमाचल प्रदेश में सरकारी शिक्षक बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए इंतजार की घड़ियां खत्म हो गई हैं। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड, धर्मशाला ने नवंबर-2026 में होने वाली शिक्षक पात्रता परीक्षा (टैट) का बिगुल फूंक दिया है। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 11 सितंबर से शुरू हो गई है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि इच्छुक अभ्यर्थी 3 अक्टूबर (रात 11:59 बजे) तक बिना किसी विलंब शुल्क के अपना पंजीकरण करवा सकते हैं।

बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि के रश से बचने के लिए समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें। उन्होंने बताया कि 3 अक्टूबर की समय-सीमा बीत जाने के बाद, 4 अक्टूबर से 8 अक्टूबर तक अभ्यर्थियों को 600 रुपये के विलंब शुल्क के साथ आवेदन करना होगा। आवेदन शुल्क की बात करें तो सामान्य वर्ग (पीएचएच को छोड़कर) के लिए फीस 1200 रुपये तय की गई है, जबकि ओबीसी, एससी, एसटी और दिव्यांग अभ्यर्थियों को 700 रुपये शुल्क चुकाना होगा।

त्रुटि सुधार के लिए मिलेंगे दो अलग-अलग मौके

अक्सर फॉर्म भरते समय होने वाली गलतियों को ध्यान में रखते हुए बोर्ड ने सुधार का प्रावधान भी किया है। ऑनलाइन भरे गए विवरणों में 9 अक्टूबर से 12 अक्टूबर तक ऑनलाइन ही सुधार किया जा सकेगा। हालांकि, बोर्ड ने एक कड़ा नियम भी बनाया है। यदि कोई अभ्यर्थी अपनी श्रेणी या उप-श्रेणी में बदलाव करना चाहता है, तो उसे 15 अक्टूबर 2026 को व्यक्तिगत रूप से धर्मशाला स्थित बोर्ड कार्यालय में उपस्थित होकर आवेदन करना होगा। निर्धारित तिथियों के बाद किसी भी तरह के संशोधन पर विचार नहीं किया जाएगा।

22 नवंबर से शुरू होगा परीक्षाओं का दौर

बोर्ड द्वारा जारी विस्तृत शेड्यूल के अनुसार, ये पात्रता परीक्षाएं 22 नवंबर से शुरू होकर 6 दिसंबर तक चलेंगी। सभी परीक्षाएं ढाई घंटे की होंगी, जिन्हें सुबह 10:00 से 12:30 और दोपहर 2:00 से शाम 4:30 बजे की दो सत्रों में बांटा गया है।

तय कार्यक्रम के मुताबिक 22 नवंबर को सुबह के सत्र में टीजीटी (आर्ट्स) और शाम के सत्र में जेबीटी टैट की परीक्षा होगी। 29 नवंबर को सुबह टीजीटी (नॉन मेडिकल) तथा स्पेशल एजुकेटर (कक्षा 6 से 12) की परीक्षा होगी। वहीं, शाम में टीजीटी (संस्कृत) और स्पेशल एजुकेटर (प्री-प्राइमरी से कक्षा 5) के अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।

वहीं 6 दिसंबर कोअंतिम दिन सुबह के सत्र में टीजीटी (मेडिकल), पंजाबी और उर्दू टैट की परीक्षाएं एक साथ आयोजित होंगी, जबकि शाम के सत्र में टीजीटी (हिंदी) टैट के लिए आरक्षित रहेगी।

चार दिन पहले जारी होंगे एडमिट कार्ड

डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि अभ्यर्थियों को परीक्षा तिथि से ठीक चार दिन पहले एडमिट कार्ड ऑनलाइन उपलब्ध करवा दिए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *