सुक्खू सरकार ने पुरस्कार राशि में ऐतिहासिक वृद्धि कर खिलाड़ियों का बढ़ाया सम्मान : केवल सिंह पठानिया

धर्मशाला, 06 अक्टूबर । शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने राजकीय महाविद्यालय शाहपुर में मंगलवार को आयोजित एचपीयू इंटर कॉलेज फुटबॉल चैंपियनशिप के समापन समारोह में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। प्रतियोगिता में एमसीएम डीएवी कॉलेज कांगड़ा विजेता रहा।

इस अवसर पर केवल सिंह पठानिया ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने तथा हिमाचल प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूत करने के लिए विशेष प्रयास कर रही है। सरकार का उद्देश्य युवाओं को खेलों की ओर आकर्षित करना और उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बेहतर सुविधाएं एवं प्रोत्साहन उपलब्ध करवाना है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने विभिन्न अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि में उल्लेखनीय वृद्धि की है। ओलंपिक, शीतकालीन ओलंपिक एवं पैरालंपिक में स्वर्ण पदक विजेताओं की पुरस्कार राशि 3 करोड़ से बढ़ाकर 5 करोड़ रुपये, रजत पदक के लिए 2 करोड़ से बढ़ाकर 3 करोड़ रुपये तथा कांस्य पदक के लिए 1 करोड़ से बढ़ाकर 2 करोड़ रुपये की गई है।

उन्होंने कहा कि 20वें एशियाई खेलों में कबड्डी में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय महिला टीम की हिमाचली खिलाड़ी पुष्पा राणा, ज्योति ठाकुर और भावना ठाकुर को मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने एक-एक करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि देने की घोषणा की है। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ी रेणुका ठाकुर को भी उनकी शानदार उपलब्धियों के सम्मान में एक करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान करने की घोषणा की गई है।

उन्होंने विजेता एवं उप-विजेता टीमों को पुरस्कृत किया। उन्होंने खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि में ऐतिहासिक वृद्धि करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार भी जताया। इस प्रतियोगिता में प्रदेश के 20 महाविद्यालयों के करीब 300 खिलाड़ियों ने भाग लिया।

प्रतियोगिता में एमसीएम डीएवी कॉलेज कांगड़ा विजेता रहा, जबकि राजकीय महाविद्यालय सोलन उप-विजेता तथा राजकीय महाविद्यालय ऊना तीसरे स्थान पर रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *