जबलपुर में ज्वेलर्स की दुकान पर महिला चोर गिरोह का धावा, सोने के नौ जोड़ी झुमके-झाले लेकर फरार

जबलपुर, 07 नवंबर । मध्य प्रदेश के जबलपुर के माढ़ोताल थाना क्षेत्र के आईटीआई चुंगीनाका में दिनदहाड़े महिला चोर गिरोह ने ज्वेलर्स की दुकान को निशाना बनाया। खरीदारी के बहाने पहुंचीं महिलाओं ने दुकान संचालक को बातचीत में उलझाया और मौका पाकर शोकेस में रखा सोने के जेवरों से भरा डिब्बा चोरी कर लिया। डिब्बे में सोने के झुमके और झालों की कुल नौ जोड़ियां रखी थीं। शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात महिलाओं के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार आईटीआई चुंगीनाका निवासी 60 वर्षीय इंद्रपाल सोनी अपने मकान के निचले हिस्से में इंद्र ज्वेलर्स के नाम से सोने-चांदी की दुकान संचालित करते हैं। बीती दोपहर करीब 12 बजे कुछ महिलाएं ग्राहक बनकर दुकान पहुंचीं। उन्होंने सोने के झुमके और झाले दिखाने को कहा। जेवर देखने और बातचीत के दौरान महिलाओं ने व्यापारी का ध्यान भटकाया और शोकेस पर रखा जेवरों से भरा डिब्बा उठाकर कपड़ों में छिपा लिया। इसके बाद वे दुकान से निकल गईं।

महिलाओं के जाने के करीब 15 से 20 मिनट बाद इंद्रपाल सोनी की नजर शोकेस पर पड़ी तो डिब्बा गायब मिला। उन्होंने दुकान और आसपास तलाश की, लेकिन महिलाओं का कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद उन्होंने माढ़ोताल थाने पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी।

पुलिस ने इंद्रपाल सोनी की शिकायत पर अज्ञात महिलाओं के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305(ए) के तहत चोरी का प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि संदिग्ध महिलाओं की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *