इंडोनेशिया में मदुरा द्वीप के पास फेरी में आग लगने से 5 की मौत, 41 लापता, 225 लोगों को बचाया गया

सुराबाया (इंडोनेशिया), 02 अगस्त । इंडोनेशिया के पूर्वी जावा स्थित मदुरा द्वीप के पास रविवार को एक यात्री फेरी में भीषण आग लगने से कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 41 लोग लापता हैं। राहत की बात यह है कि 225 यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया गया है। लापता लोगों की तलाश के लिए बड़े पैमाने पर बचाव अभियान जारी है।

इंडोनेशिया का दैनिक ऑनलाइन अंग्रेजी समाचार पत्र जकार्ता ग्लोब

तथा तुर्किए की सरकारी समाचार एजेंसी अनाडोलू के मुताबिक केएमपी मुटियारा सेंटोसा 2 नामक फेरी सुराबाया के तंजुंग पेराक बंदरगाह से दक्षिण सुलावेसी के मकासर के लिए रवाना हुई थी। यात्रा के दौरान जहाज में अचानक आग लग गई। आग तेजी से फैलने के बाद कई यात्रियों ने अपनी जान बचाने के लिए समुद्र में छलांग लगा दी।

स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, फेरी में 271 यात्री और चालक दल के सदस्य सवार थे। बचाव अभियान में नौसेना, सर्च एंड रेस्क्यू टीम और आसपास मौजूद कई जहाज शामिल हैं, जिन्होंने समुद्र में कूदे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।

सुराबाया सर्च एंड रेस्क्यू ऑफिस के प्रमुख नानांग सिगिट ने बताया कि हादसे के समय फेरी बुरुआन सापुडी द्वीप से करीब 19 नॉटिकल मील दूर थी। बचाव अभियान में कई जहाजों को लगाया गया है और लापता लोगों की तलाश जारी है।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में फेरी के ऊपरी डेक से घना काला धुआं उठता और आग की लपटें पूरे जहाज को चपेट में लेती दिखाई दे रही हैं। वीडियो में लाइफ जैकेट पहने यात्री फेरी के एक किनारे खड़े होकर मदद का इंतजार करते नजर आ रहे हैं। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

फिलहाल, अधिकारी आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं, जबकि राहत एवं बचाव अभियान युद्धस्तर पर जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *