हर घर तिरंगा अभियान : डूंगरपुर में देशभक्ति के तरानों संग निकली भव्य प्रभात फेरी

डूंगरपुर, 09 अगस्त । राज्य सरकार के निर्देशानुसार संचालित ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत रविवार को डूंगरपुर शहर में राष्ट्रभक्ति के जज्बे के साथ भव्य प्रभात फेरी एवं तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। हाथों में तिरंगा थामे युवाओं, विद्यार्थियों और शहरवासियों के उत्साह से पूरा मार्ग भारत माता के जयकारों और देशभक्ति के नारों से गुंजायमान हो उठा।

प्रभात फेरी का शुभारंभ शहर के ऐतिहासिक लक्ष्मण मैदान से हुआ, जहां जिला कलेक्टर देशलदान, समाजसेवी अशोक पटेल राणोली, बंशीलाल कटारा एवं निवर्तमान उप सभापति सुदर्शन जैन ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया और स्वयं अगुवाई की। लक्ष्मण मैदान से शुरू होकर यह प्रभात फेरी तहसील चौराहा, पुराना बस स्टैंड, शास्त्री कॉलोनी और नया बस स्टैंड होते हुए शहीद स्मारक पार्क पहुंची। पूरे मार्ग में तिरंगा यात्रा को देखने के लिए लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा, जिससे शहर का वातावरण पूरी तरह से देशभक्ति के रंग में रंग गया।

शहीद स्मारक पार्क पहुंचने पर गरिमामय वातावरण में सामूहिक राष्ट्रगान के साथ प्रभात फेरी का समापन हुआ। इस अवसर पर वक्ताओं ने आमजन में राष्ट्रीय गौरव, अखंडता और देशभक्ति की भावना को सुदृढ़ करने का आह्वान किया। आयोजन में अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रकाश चंद्र रेगर, मुख्य कार्यकारी अधिकारी हनुमान सिंह राठौड़, टीएडी उपायुक्त डॉ. सत्य प्रकाश कसवा, अतिरिक्त सीईओ श्रीमती रेखा गोड, नगर परिषद आयुक्त ललित सिंह, समाजसेवी पंकज जैन सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों, राजीविका की महिलाओं, स्काउट-गाइड्स और बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ सहभागिता निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *