धौलपुर नगर परिषद में 27 में कांग्रेस एवं 11 में भाजपा जीती

धौलपुर, 14 सितंबर । धौलपुर जिले की सभी सात नगरी निकायों के लिए चुनाव की मतगणना सोमवार को कड़ी सुरक्षा के बीच संपन्न हुई। मतगणना के बाद में नगर निकायों में सभापति एवं चेयरमैन बनाने की कवायद शुरू हो गई है। नगर निकाय चुनाव में भाजपा और कांग्रेस के साथ इस बार निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी काफी संख्या में जीत दर्ज की है। आने वाले दिनों ऐसा माना जा रहा है कि नगर निकायों के प्रमुखों के चुनाव में इन निर्दलीयों की महत्वपूर्ण भूमिका हो सकती है।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी ने बताया कि नगर निकाय चुनाव की मतगणना में नगर परिषद धौलपुर के 60 वार्डों में से 27 में इण्डियन नेशनल कांग्रेस, 11 में भारतीय जनता पार्टी, 3 में बहुजन समाज पार्टी एवं 19 वार्डो में निर्दलीय प्रत्याशियों ने अपनी जीत दर्ज कराई है। इसी प्रकार नगर पालिका मनियां में 20 वार्डो में से कांग्रेस ने 13 सीटों पर, भाजपा ने 4 सीटों पर तथा निर्दलीय ने 3 सीटों पर जीत दर्ज की है। नगर पालिका बाड़ी में 45 वार्डो में से कांग्रेस ने 21 सीटों पर, भाजपा ने 8 सीट, बसपा ने 2 तथा निर्दलीय ने 14 सीटों पर जीत दर्ज की है। नगर पालिका बसेड़ी में 25 वार्डो में से कांग्रेस ने 8 सीटों पर, भाजपा ने 8 सीटों पर तथा निर्दलीय ने 9 सीटों पर जीत दर्ज हुई है। नगर पालिका सरमथुरा में 25 वार्डो में से कांग्रेस ने 15 सीट, भाजपा ने एक सीट पर तथा निर्दलीय ने 9 सीटों पर जीत दर्ज की है। नगर पालिका सैपऊ में 20 वार्डो में से कांग्रेस ने 7 सीटों पर, भाजपा ने 6 सीटों पर, बसपा ने 3 सीटों पर तथा निर्दलीय ने 4 सीटों पर जीत दर्ज की है। नगर पालिका राजाखेड़ा में 35 वार्डो में से कांग्रेस ने 23 सीटों पर, भाजपा ने 9 सीटों, बसपा ने 1 तथा निर्दलीय ने 2 सीटों पर जीत दर्ज की है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलक्टर श्रीनिधि बी टी ने बताया कि नगर निकाय आम चुनाव 2026 के तहत नगर परिषद धौलपुर, नगर पालिका बाड़ी, बसेड़ी, सरमथुरा, सैपऊ, मनियां एवं राजाखेड़ा के लिए अध्यक्ष पदों के लिए लोक सूचना जारी करने की तिथि 15 सितम्बर, नामांकन पत्रों को प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 16 सितम्बर, नामांकन पत्रों की संवीक्षा की तिथि 17 सितम्बर, अभ्यर्थिता वापिस लेने की अंतिम तिथि एवं समय 18 सितम्बर अपरान्ह 3 बजे तक, चुनाव चिन्हों का आवंटन 18 सितम्बर, मतदान की तिथि एवं समय 21 सितम्बर प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक, मतगणना की तिथि एवं समय 21 सितम्बर को मतदान समाप्ति के तुरन्त पश्चात की जाएगी। उन्होंने बताया कि उपाध्यक्ष पद के लिए निर्वाचन की तिथि 22 सितम्बर निर्वाचन प्रक्रिया के लिए बैठक का प्रारंभ प्रातः 10 बजे, नामांकन पत्रों का प्रस्तुतिकरण प्रातः 11 बजे तक, नामांकन पत्रों की संवीक्षा प्रातः 11.30 बजे तक, अभ्यर्थिता वापसी का समय अपरान्ह 2 बजे तक, मतदान यदि आवश्यक हुआ तो अपरान्ह 2.30 बजे से 5 बजे तक इसके पश्चात मतगणना की जाएगी। मतगणना के दौरान नगर िनकाय चुनाव पर्यवेक्षक अरूण प्रकाश शर्मा,उप जिला निवार्चन अधिकारी हरिराम मीणा तथा धाैलपुर के निवार्चन अधिकारी सुरेश कुमार राव सहित अन्य माैजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *