देवरिया : मुठभेड़ में हत्यारोपी वांछित एक घायल समेत दो गिरफ्तार

देवरिया, 13 सितंबर । उत्तर प्रदेश के देवरिया में भलुअनी पुलिस ने रविवार को हत्या के मुकदमे में वांछित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें से एक आरोपी ने चाकू बरामद कराने के दौरान उपनिरीक्षक का रिवाल्वर छीनकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत सामान्य बताई गई है।

पुलिस अधीक्षक देवरिया अभिजित आर. शंकर ने बताया कि थाना भलुअनी में दर्ज मुकदमा संख्या 143/2026, धारा 103(1) और 3(5) बीएनएस में वांछित चाइना अंसारी (36) पुत्र कमालुद्दीन, निवासी वार्ड नंबर 12 जयप्रकाश नगर (शिवधरिया), तथा अम्बुज उर्फ आशीष विश्वकर्मा (23) पुत्र दीनानाथ विश्वकर्मा को 12/13 सितंबर की रात शहीद चौक से गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में चाइना अंसारी ने घटना में प्रयुक्त चाकू के बारे में जानकारी दी। पुलिस टीम उसे लेकर सोनाड़ी रोड पहुंची, जहां उसकी निशानदेही पर चाकू बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, रात करीब 3:30 बजे वापसी के दौरान अचानक नीलगाय आ जाने से सरकारी वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गया। वाहन को बाहर निकालने के लिए पुलिसकर्मी धक्का लगा रहे थे। इसी दौरान चाइना अंसारी ने एक उपनिरीक्षक का रिवाल्वर छीनकर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी।

एसपी के अनुसार, चाइना के खिलाफ मारपीट, धमकी, आर्म्स एक्ट और हत्या के मुकदमे दर्ज हैं। उसके विरुद्ध 2024 में गुंडा एक्ट की कार्रवाई भी हुई थी। अम्बुज के खिलाफ भी मारपीट, एससी/एसटी एक्ट और धमकी समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। उसके विरुद्ध 2025 में गुंडा एक्ट की कार्रवाई की गई थी।

कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष दिनेश कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक अखिलेश यादव, उपनिरीक्षक आशीष तिवारी और कांस्टेबल अरविन्द कुमार यादव व विनोद यादव शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *