सागरः भारतीय युवा कांग्रेस के 66वें स्थापना दिवस पर निकला भव्य तिरंगा मार्च, लिया जन-सेवा का संकल्प

सागर, 09 अगस्त । स्वाधीनता संग्राम की ऐतिहासिक धरोहरों, भारत छोड़ो आंदोलन (अगस्त क्रांति दिवस), विश्व आदिवासी दिवस, स्वतंत्रता संग्राम युवा दिवस और भारतीय युवा कांग्रेस के 66वें स्थापना दिवस के अवसर पर मध्य प्रदेश के सागर में रविवार को राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा का संदेश देते हुए विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत जिला शहर कांग्रेस कार्यालय ‘राजीव गांधी भवन’ के समक्ष राष्ट्रीय ध्वज फहराकर की गई। इसके पश्चात सेवादल अध्यक्ष सिंटू कटारे के मार्गदर्शन और द्वारका चौधरी के संचालन में ध्वजारोहण परेड संपन्न हुई। शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि 9 अगस्त 1942 को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के ‘करो या मरो’ और ‘अंग्रेजों भारत छोड़ो’ के ऐतिहासिक आह्वान पर देश के युवाओं और क्रांतिकारियों ने अन्याय व शोषण के खिलाफ बिगुल फूंका था। उन्होंने स्वाधीनता संग्राम में आदिवासी समुदाय के अतुलनीय संघर्ष और शहादत को नमन करते हुए कहा कि आज के आर्थिक और सामाजिक परिदृश्य में एक बार फिर युवाओं, गरीबों और वंचित वर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए सत्य, अहिंसा और संवैधानिक मूल्यों के मार्ग पर संगठित होना समय की मांग है।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता अमित (रामजी) दुबे ने कहा कि अमर सेनानियों का बलिदान हमें स्मरण कराता है कि लोकतंत्र और संवैधानिक मर्यादाओं की रक्षा सर्वोपरि है। देश को सामाजिक और आर्थिक असमानता से मुक्त कराने के लिए हर नागरिक की एकजुटता आवश्यक है। प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के सदस्य डॉ. संदीप सबलोक ने 9 अगस्त के ऐतिहासिक महत्व को रेखांकित करते हुए इसे सामाजिक न्याय और युवाओं के अधिकारों का प्रतीक बताया। युवा कांग्रेस के 66वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में शहर युवा कांग्रेस अध्यक्ष सागर साहू ने संगठन का ध्वज फहराया। उन्होंने युवाओं को राष्ट्र निर्माण, लोकतंत्र की मजबूती और समाज सेवा के प्रति निरंतर समर्पित रहने का आह्वान किया। पूर्व युवा कांग्रेस अध्यक्ष राहुल चौबे ने युवाओं को जन-सेवा और संवैधानिक निष्ठा की शपथ दिलाई।

ध्वजारोहण एवं शपथ ग्रहण समारोह के उपरांत राजीव गांधी भवन से एक विशाल तिरंगा मार्च निकाला गया। हाथों में विशाल राष्ट्रध्वज थामे सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता और युवा तीनबत्ती, गौरमूर्ति, कटरा बाजार, जामा मस्जिद और विजय स्तंभ से होते हुए पुनः कांग्रेस कार्यालय पहुंचे। मार्च के दौरान शहरवासियों को धर्मनिरपेक्षता, आपसी भाईचारे और अखंडता का संदेश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *