अशोकनगर: लंबे समय से चल रहा फरार दुष्कर्म का आरोपित गिरफ्तार

अशोकनगर, 06 अक्टूबर । मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले में महिला एवं बालिकाओं से जुड़े गंभीर अपराधों में फरार आरोपितों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में पिपरई थाना पुलिस ने दुष्कर्म एवं जान से मारने की धमकी देने के मामले में फरार चल रहे आरोपी सोनू अहिरवार को गिरफ्तार कर लिया है।

मंगलवार को पुलिस से मिली जानकारी अनुसार 17 अगस्त 2026 को फरियादिया की रिपोर्ट पर आरोपी के खिलाफ जबरदस्ती दुष्कर्म करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में थाना पिपरई में अपराध दर्ज किया गया था।

मामला दर्ज होने के बाद से आरोपी सोनू अहिरवार फरार चल रहा था। पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी पिपरई को आरोपित की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपित की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी। मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के साथ तकनीकी साक्ष्यों की भी मदद ली गई। पुलिस ने आरोपित से संबंधित चल-अचल संपत्ति की जानकारी भी जुटाई।

वहीं, मामले में फरियादिया का चिकित्सकीय परीक्षण कराने के साथ न्यायालयीन कथन भी कराए गए। लगातार प्रयास के बाद गिरफ्त में आया आरोपी पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना प्रभारी पिपरई के नेतृत्व में गठित टीम ने लगातार प्रयास जारी रखे। आखिरकार पुलिस को सफलता मिली और सोनू अहिरवार को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी को पुलिस द्वारा माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि महिला एवं बालिकाओं से संबंधित अपराधों में फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *