प्रारंभिक साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान प्रशिक्षण का वरिष्ठ प्रवक्ताओं ने किया औचक निरीक्षण

ओरैया, 18 अगस्त (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अजीतमल विकासखंड संसाधन केंद्र अजीतमल में चल रहे प्रारंभिक साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान प्रशिक्षण के तृतीय बैच के द्वितीय दिवस पर वरिष्ठ जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान प्रवक्ता प्रवीण कुमार दीक्षित एवं उदय नारायण कटियार ने औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने प्रशिक्षण के विभिन्न सत्रों का जायजा लेते हुए प्रतिभागियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ प्रवक्ताओं ने प्रशिक्षणार्थियों को प्रारंभिक साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान के उद्देश्यों और उसकी उपयोगिता के संबंध में विस्तार से मार्गदर्शन दिया।

उन्होंने कहा कि बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा की नींव मजबूत करना इस प्रशिक्षण का प्रमुख उद्देश्य है। इसके लिए शिक्षकों को प्रभावी शिक्षण विधियों का प्रयोग करते हुए बच्चों की समझ, पढ़ने-लिखने की क्षमता और गणितीय कौशल को विकसित करना होगा।

उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से समय से उपस्थित होकर पूरी गंभीरता, सक्रियता और रुचि के साथ प्रशिक्षण में सहभागिता करने का आह्वान किया। वरिष्ठ प्रवक्ताओं ने कहा कि किसी भी प्रशिक्षण की सार्थकता तभी है, जब उसमें प्राप्त ज्ञान और नई शिक्षण विधियों को विद्यालयों की कक्षाओं तक पहुंचाया जाए। शिक्षक यदि प्रशिक्षण में सीखी गई गतिविधियों और विधियों को प्रभावी ढंग से बच्चों के साथ प्रयोग करें, तो उनके सीखने के स्तर में निश्चित रूप से सुधार आएगा।

अधिकारियों ने शिक्षकों को बच्चों की व्यक्तिगत सीखने की क्षमता को ध्यान में रखते हुए सरल, रोचक और गतिविधि आधारित शिक्षण पर जोर देने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि बच्चों में पढ़ने, लिखने और बुनियादी गणितीय समझ विकसित करने के लिए शिक्षक की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।

इस दौरान प्रशिक्षण में शामिल सभी प्रतिभागियों ने वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन को गंभीरता से सुना। उन्होंने प्रारंभिक साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान के उद्देश्यों को प्रभावी रूप से कक्षा-कक्ष तक पहुंचाने तथा बच्चों के सीखने के स्तर में अपेक्षित सुधार लाने के लिए अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *