तिरंगा यात्रा व देशभक्ति के नारों से माहौल राष्ट्रमय

हरिद्वार, 12 अगस्त । स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी रानीपुर विधानसभा के बहादराबाद मंडल द्वारा भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा पृथ्वीराज चौहान चौक से शुरू होकर बहादराबाद की विभिन्न कॉलोनियों और गांवों से गुजरी।

यात्रा में भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ एवं युवा कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने हाथों में तिरंगा लेकर भाग लिया। पूरे मार्ग में “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों से माहौल देशभक्तिमय रहा। लोगों में तिरंगे के प्रति सम्मान और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना साफ दिखाई दी।

रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता, गौरव और वीर जवानों के बलिदान का प्रतीक है। तिरंगा यात्राओं से नई पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति और जिम्मेदारी की भावना मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भर और सशक्त राष्ट्र के रूप में विश्व में पहचान बना रहा है। राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ विकास और जनकल्याण के कार्य आगे बढ़ रहे हैं।

दायित्वधारी राज्यमंत्री नितिन गौतम ने कहा कि तिरंगा प्रत्येक भारतीय के गौरव और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। भाजपा कार्यकर्ता ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प के साथ राष्ट्रहित और जनसेवा के लिए सक्रिय हैं। यात्रा में जिला उपाध्यक्ष लव शर्मा, मंडल अध्यक्ष विपिन शर्मा, चित्रा शर्मा, चेतन चौहान, नीरज चौहान, मनोज परालिया, प्रमोद पाल, सुमन स्वामी, राजीव चौहान, शोभित चौहान सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *