जींद : संयुक्त किसान मोर्चा 16 अगस्त से करेगा जंतर-मंतर तक पैदल यात्रा शुरू : डल्लेवाल

जींद, 12 अगस्त । संयुक्त किसान मोर्चा के नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल ने कहा कि किसान 16 अगस्त को शांतिपूर्ण तरीके से दिल्ली के लिए कूच करेंगे। 16 अगस्त से शुरू होने वाली किसान यात्रा में देशभर के किसान संगठनों को शामिल होने का आह्वान किया गया है। डल्लेवाल ने कहा कि अगर किसी संगठन को उनसे या संयुक्त किसान मोर्चा से कोई नाराजगी है तो किसानों के हित में उस नाराजगी को दूर कर यात्रा में शामिल होना चाहिए। किसान संगठनों को एकजुट होकर सरकार पर दबाव बनाना होगा।

संयुक्त किसान मोर्चा के नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल बुधवार को जाट धर्मशाला में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भारत-अमेरिका ट्रेड डील किसानों के लिए डेथ वारंट के समान है। इसका केवल किसानों पर ही नहीं आम लोगों पर भी बुरा प्रभाव पड़ेगा। अमेरिका से कृषि और डेयरी उत्पादए शराब तथा औद्योगिक सामान भारत में आने से देश के किसानों और छोटे उद्योगों पर बड़ा असर पड़ेगा। आज देश की हालत ऐसी हो गई है कि भारत की विदेश व आर्थिक नीतियां भी अमेरिका की मर्जी से तय होती दिखाई दे रही हैं।

उन्होंने बताया कि यह यात्रा 29 अगस्त को दिल्ली के जंतर-मंतर पर होने रैली के रूप में खत्म होगी। 29 अगस्त के बाद भी यदि केंद्र सरकार ने ट्रेड डील रद्द नहीं की और किसानों की मांगों को पूरा नहीं किया तो संयुक्त किसान मोर्चा की बैठक बुलाई जाएगी। बैठक में आंदोलन को और तेज करने तथा आगे की रणनीति तय करने का फैसला लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि 228 किलोमीटर की इस यात्रा में 20 के आसपास गाडिय़ां भी चलेंगी, जिसमें राशन, पानी होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *