स्कॉर्पियो से महिला को कुचलने वाले 3 आरोपित गोवा से गिरफ्तार

उदयपुर, 11 अगस्त । उदयपुर में स्कॉर्पियो से कुचलकर महिला की मौत के मामले में प्रतापनगर थाना पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

सीआई अजय सिंह राव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों में यशवर्धन चुंडावत, यशपाल सिंह झाला और विशाल शर्मा शामिल हैं। यशवर्धन चुंडावत और यशपाल सिंह झाला जीजा-साला हैं। दोनों को पुलिस ने गोवा से गिरफ्तार किया, जबकि तीसरे आरोपित विशाल शर्मा को उदयपुर से पकड़ा गया।

पुलिस कार्रवाई के दौरान यशवर्धन और यशपाल बचकर भागने की कोशिश करने लगे। इसी दौरान अंबाघाटी में गिरने से दोनों के पैरों में गंभीर चोट लग गई। पुलिस ने दोनों को घायल अवस्था में निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है।

पुलिस टीम ने आरोपितों तक पहुंचने के लिए लगातार सीसीटीवी फुटेज खंगाले और उनके मूवमेंट की लोकेशन ट्रेस की। सीसीटीवी से मिले अहम सुरागों के आधार पर पुलिस आरोपितों तक पहुंची। डीएसपी छवि शर्मा ने बताया कि पूरे घटनाक्रम में किस आरोपित की क्या भूमिका रही, इसे लेकर प्रतापनगर थाना पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर रही है।

घटना शुक्रवार 7 अगस्त की शाम की है। करीब 20 से 25 स्कॉर्पियो में सवार बदमाशों ने कपिल विहार स्थित एक घर के बाहर खड़े वाहनों में तोड़फोड़ की और उत्पात मचाया। इसी दौरान घर से बाहर आई 52 वर्षीय उर्मिला कंवर ने आरोपितों को रोकने की कोशिश की। आरोप है कि बदमाश नहीं रुके और स्कॉर्पियो से महिला को करीब 7 से 8 फीट तक घसीटते हुए ले गए। इस घटना में उर्मिला कंवर की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के विरोध में 8 अगस्त को लोगों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस को आरोपितों के खिलाफ अवैध वसूली की शिकायतें भी दी गईं।

मृतका के परिवार की ओर से पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, महिला के बेटे दिव्यराज सिंह के दोस्तों के बीच पैसों को लेकर विवाद था। इसी विवाद में दोनों गुटों के बीच पहले झगड़ा हुआ था। आरोप है कि विवाद के चलते आरोपित गुट के घर और ऑफिस पर पहले पत्थराव किया गया था।

परिवार के अनुसार, अपने यहां हुई तोड़फोड़ का बदला लेने के लिए आरोपितों ने 7 अगस्त की शाम दिव्यराज सिंह के घर पर हमला किया, जिसमें उसकी मां उर्मिला कंवर की जान चली गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *