बाजारों में पूजन और सजावट सामग्री की बहार

जयपुर, 03 नवंबर । दीपावली का त्योहार नजदीक आते ही गुलाबी नगरी जयपुर के बाजार रोशनी, रंगों और उत्साह से सराबोर नजर आने लगे हैं। शहर के प्रमुख बाजारों में दीपावली की पूजन और सजावट सामग्री की दुकानें आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। बाजारों में सुबह से देर शाम तक खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ रही है। दुकानों पर सजे रंग-बिरंगे सामान त्योहार की खुशियों और उमंग का अहसास करा रहे हैं। दीपावली पर घरों और प्रतिष्ठानों को सजाने के लिए लोग मिट्टी के दीपक, आकर्षक मोमबत्तियां, रंगोली, बंदनवार, तोरण, आर्टिफिशियल फूल, बिजली की झालरें और एलईडी लाइटें खरीद रहे हैं। वहीं पूजन सामग्री की दुकानों पर भी विशेष रौनक है। लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमाएं, पूजन थाली, कलश, रोली, मौली, कुमकुम, अक्षत, धूप, अगरबत्ती, कपूर, घी और पूजा के लिए जरूरी अन्य सामग्री की खूब मांग है।

बाजार में पारंपरिक और आधुनिक सजावट का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। मिट्टी के पारंपरिक दीपकों के साथ डिजाइनर दीये, आकर्षक लैंप और सजावटी कंदील लोगों को लुभा रहे हैं। घरों के मुख्य द्वार को सजाने के लिए रंगीन तोरण और शुभ-लाभ के स्टीकर भी खूब पसंद किए जा रहे हैं।

दुकानदारों के अनुसार दीपावली के चलते कारोबार में तेजी आने की उम्मीद है। ग्राहकों की पसंद को देखते हुए दुकानदारों ने भी तरह-तरह की वैरायटी उपलब्ध कराई है। खास बात यह है कि लोग पारंपरिक पूजा सामग्री के साथ घर की सजावट के नए विकल्प भी तलाश रहे हैं।

कुल मिलाकर दीपावली की तैयारियों ने जयपुर के बाजारों में त्योहार का रंग घोल दिया है। हर तरफ रोशनी, खरीदारी और उत्साह का माहौल नजर आ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *