पुलिस पर हमला करने का इनामी आरोपित गिरफ्तार

जोधपुर, 28 अक्टूबर । पंचायती राज चुनावों के मद्देनजर वांछित और इनामी अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जोधपुर ग्रामीण की जिला स्पेशल टीम को बड़ी सफलता मिली है। डीएसटी ने चित्तौडग़ढ़ जिले के बस्सी थाने में पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने और फायरिंग के मामले में पिछले 2 साल से फरार चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी आरोपित विकास बिश्नोई को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित गिरफ्तारी के डर से भेष बदलकर ट्रक ड्राइवर का काम कर रहा था और फरारी काट रहा था।

ग्रामीण पुलिस अधीक्षक पंकज यादव के निर्देशन और एएसपी रामेश्वर कड़ेला के सुपरविजन में डीएसटी प्रभार शंकर कड़वा को वांछित अपराधियों की धरपकड़ के निर्देश दिए गए थे। मंगलवार को डीएसटी को खास मुखबिर से सूचना मिली कि बस्सी चित्तौडग़ढ़ थाने पर जानलेवा हमला और फायरिंग के मामले में वांछित आरोपी विकास बिश्नोई पंचायती राज चुनाव के दौरान अपने गांव खोखरिया आया हुआ है।

सूचना मिलते ही एएसआई श्रवणकुमार भंवरिया के नेतृत्व में टीम ने सरहद खोखरिया पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को दस्तयाब कर लिया। पकड़े गए आरोपी खोखरिया पुलिस थाना कापरड़ा निवासी विकास उर्फ विक्रम उर्फ मुरली उर्फ विक्रम चंद पुत्र मंगलाराम बिश्नोई के खिलाफ पुलिस थाना बस्सी में मामला दर्ज था। आरोपित पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *