इंदौरः मंत्री सिलावट के प्रयासों से विद्युत दुर्घटना में मृतक के परिवार को मिली 4 लाख रुपये की राहत राशि

इंदौर, 03 सितंबर । मध्य प्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट के प्रयासों से सांवेर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम फरसपुर में विद्युत दुर्घटना में मृत हारवेस्टर चालक स्व. गुरजंत सिंह के परिवार को 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। स्वीकृत राहत राशि का चेक गुरुवार को मृतक की पत्नी परमजीत कौर को सौंपा गया।

विद्युत दुर्घटना की जानकारी मिलने के बाद मंत्री तुलसीराम सिलावट ने पीड़ित परिवार को नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे। उनके प्रयासों के फलस्वरूप मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा प्रकरण में 4 लाख रुपये की मुआवजा राशि स्वीकृत की गई।

ग्राम फरसपुर निवासी नीलेश पटेल के यहां हारवेस्टर चालक के रूप में कार्यरत गुरजंत सिंह खेत में हारवेस्टर मशीन से सोयाबीन की कटाई कर रहे थे। इसी दौरान खेत के ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइन की केबल क्षतिग्रस्त अवस्था में होने के कारण विद्युत प्रवाह की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मृत्यु हो गई। घटना के बाद विद्युत विभाग द्वारा आवश्यक कार्रवाई करते हुए संबंधित विद्युत केबल को बदल दिया गया था। साथ ही विभागीय नियमों के तहत मृतक के वैध उत्तराधिकारी को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई।

इसी क्रम में विद्युत विभाग द्वारा गुरुवार को स्वीकृत 4 लाख रुपये की राहत राशि का चेक मृतक की पत्नी परमजीत कौर को सौंपा गया। कार्यपालन यंत्री विनय सिंह ने सहायता राशि का चेक प्रदान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *