वाराणसी : साड़ी कारीगर के हत्यारोपित को पुलिस ने मुठभेड़ में दबोचा, दरोगा की पिस्टल छीन कर भागने पर पुलिस ने की फायरिंग

वाराणसी, 08 अगस्त । उत्तर प्रदेश में वाराणसी जनपद के आदमपुर थाना क्षेत्र के नवापुरा में दुकान के बाहर सो रहे साड़ी कारीगर की ईंट-पत्थर से कूच कूचकर हत्या करने के आरोपित को पुलिस ने शनिवार अपराह्न काशी रेलवे स्टेशन के पास मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई में आरोपित के पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। गिरफ्तार आरोपित की पहचान हनुमान फाटक निवासी मोहम्मद ताजिम के रूप में हुई है।

एडीसीपी काशी वैभव बांगर ने बताया कि शनिवार तड़के आदमपुर के नवापुरा में दुकान के बाहर सो रहे साड़ी का पत्ता काटने वाले रवि चौहान उर्फ पप्पू (42) की पत्थर से हमला कर हत्या कर दी गई थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के लिए कई टीमों का गठन किया गया। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसके आधार पर मोहम्मद ताजिम की पहचान की गई।

पुलिस ने आरोपित को हिरासत में लेने के बाद घटना में प्रयुक्त पत्थर की बरामदगी के लिए उसे लेकर काशी रेलवे स्टेशन के पास पहुंची। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान ताजिम ने मौका पाकर एक दरोगा की पिस्टल छीन ली और भागने लगा। पुलिस टीम ने उसे रुकने और आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन आरोपित ने पुलिस पर दो राउंड फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी और वह गिर पड़ा। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने उसे दबोच लिया और तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा।

तीन लोगों पर किया था हमला

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वारदात के दौरान आरोपी पीलीकोठी स्थित नेशनल इंटर कॉलेज की ओर से हनुमान फाटक पुलिस चौकी की तरफ जाने वाली गली में दाखिल हुआ था। सबसे पहले उसने घर के बाहर सो रहे अशोक पासवान पर ईंट-पत्थर से हमला किया। इसके बाद कुछ दूरी पर स्थित दुकान के बाहर सो रहे साड़ी कारीगर रवि चौहान उर्फ पप्पू पर पत्थर से हमला कर उसकी हत्या कर दी।

आरोपित ने आगे दुकान के बाहर सो रहे गणेशु कनौजिया (55) पर भी पत्थर से हमला किया। घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब वारदात के कारणों और घटना में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी को लेकर पूछताछ कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *