कैंसर के 70 फीसदी से अधिक मामले एडवांस स्टेज में पहुंच रहे : डॉ. कुक्कर

ऊना, 28 अगस्त । भारत में बढ़ते कैंसर के मामलों के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से पार्क अस्पताल मोहाली के विशेषज्ञ डायरेक्टर मेडिकल ऑन्कोलॉजी डॉ. संदीप कुक्कर ने बताया कि देश में करीब 30 लाख लोग कैंसर से पीड़ित हैं और हर वर्ष लगभग 15.6 लाख नए मामले सामने आते हैं।

उन्होंने कहा कि महिलाओं में स्तन व सर्वाइकल कैंसर, जबकि पुरुषों में फेफड़े व लिवर कैंसर प्रमुख हैं। स्तन कैंसर के मामले अब कम उम्र की महिलाओं में भी बढ़ रहे हैं और करीब 50 प्रतिशत मामले 25 से 50 वर्ष की आयु वर्ग में सामने आ रहे हैं। चिंता की बात यह है कि 70 प्रतिशत से अधिक मरीज एडवांस स्टेज में उपचार के लिए पहुंचते हैं।

डॉ. कुक्कर ने कहा कि कैंसर के लगभग एक-तिहाई मामलों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर रोका जा सकता है। उन्होंने नियमित व्यायाम, संतुलित आहार तथा धूम्रपान और शराब से परहेज की सलाह दी।

उन्होंने बताया कि रोबोटिक सर्जरी, इम्यूनोथेरेपी और टार्गेटेड थेरेपी जैसी आधुनिक तकनीकों से उपचार में नई संभावनाएं पैदा हुई हैं। उन्होंने लोगों से कैंसर के लक्षणों को नजरअंदाज न करने और समय पर चिकित्सकीय जांच करवाने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *