वॉलीबॉल में लंबगांव और तिनवाल गांव की टीम ने जीती प्रतियोगिता

नई टिहरी, 20 सितंबर । प्रतापनगर ब्लॉक मुख्यालय में जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग की पहल पर आयोजित चार दिवसीय खेल महाकुंभ मुख्यमंत्री चैंपियन ट्रॉफी का पुरस्कार वितरण के साथ समापन हो गया।

रविवार को मुख्य अतिथि ज्येष्ठ उप प्रमुख प्रकाश चंद रमोला ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि खेल महाकुंभ ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच देने का अच्छा माध्यम है। जिससे खिलाड़ियों में प्रतिस्पर्धा की भावना उत्पन्न हो रही है। अंडर-14 वॉलीबाल में श्रीराम कृष्ण पब्लिक स्कूल लंबगांव की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

अंडर-19 वॉलीबाल और खो-खो में तिनवाल गांव प्रथम, पनियाला द्वितीय और सिलवाल गांव तृतीय रहा। भाला फेंक में संजना प्रथम, सुमन द्वितीय और आंचल तृतीय रही। ऊंची कूद में जलवाल गांव प्रथम, बरवाल द्वितीय और सिलवाल गांव तृतीय रहे। गोला फेंक में सिलवाल गांव प्रथम, जलवाल गांव द्वितीय और मोटणा तृतीय स्थान पर रहा। इस मौके पर राधा रावत, बीडीओ पूरण सिंह पयाल, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी शुभम गौड़, बिजेंद्र प्रसाद डिमरी, नरपाल नकोटी, ज्योति आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *