बीडीसी बैठक में 300 से अधिक विकास प्रस्ताव और जनसमस्याएं उठीं

ज्योतिर्मठ, 01 अक्टूबर । विकासखंड ज्योतिर्मठ के ब्लॉक सभागार में गुरुवार को ब्लॉक प्रमुख अनूप सिंह नेगी की अध्यक्षता में क्षेत्र पंचायत की विशेष बैठक हुई। बैठक में सड़क, पेयजल, विद्युत, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई और ग्रामीण विकास से जुड़ी 300 से अधिक समस्याओं एवं विकास प्रस्तावों पर विभागवार चर्चा की गई।

बैठक में पिछली बीडीसी बैठकों में पारित 175 प्रस्तावों और प्राप्त शिकायतों पर हुई कार्रवाई की अनुपालन आख्या भी प्रस्तुत की गई। जनप्रतिनिधियों से संबंधित प्रकरणों के निस्तारण पर उनकी संतुष्टि और सहमति भी ली गई।

मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी ने अधिकारियों को वर्तमान बैठक में प्राप्त सभी प्रस्तावों और शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रत्येक प्रकरण पर की गई कार्रवाई की अनुपालन आख्या तैयार करने तथा जनप्रतिनिधियों से कार्रवाई की संतुष्टि एवं सहमति की रिपोर्ट लेने को कहा।

क्षेत्र पंचायत सदस्यों और ग्राम प्रधानों ने विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याएं सदन के समक्ष रखीं। संबंधित अधिकारियों ने प्रकरणों पर की जा रही कार्रवाई की जानकारी दी। सीडीओ ने लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने और स्पष्ट अनुपालन आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

बैठक में ज्येष्ठ प्रमुख गुड्डी देवी, कनिष्ठ प्रमुख नरेश चंद्र, जिला पंचायत सदस्य रमा राणा, प्रधान संघ अध्यक्ष मोहन बजवाल, परियोजना निदेशक आनंद सिंह, उपजिलाधिकारी चंद्रशेखर वशिष्ठ, खंड विकास अधिकारी मोहन जोशी समेत जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *