पंजाब के दो नशा तस्कर सिरसा में गिरफ्तार

सिरसा, 26 अक्टूबर । पुलिस ने जिले के डबवाली क्षेत्र से पंजाब के दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। तस्करों में एक महिला भी शामिल है। पुलिस के अनुसार आरोपियों की पहचान पंजाब निवासी गगनदीप सिंह व सुखजीत कौर के रूप में हुई है। हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एचएसएनसीबी) की डबवाली यूनिट इंचार्ज राजपाल सिंह ने सोमवार को बताया कि पुलिस टीम गश्त व चेकिंग के दौरान डबवाली क्षेत्र में मौजूद थी। पुलिस को सूचना मिली कि गगनदीप सिंह और सुखजीत कौर हेरोइन बेचने की फिराक में है।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से हेरोइन बरामद की। आरोपियों के खिलाफ डबवाली पुलिस थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

इसके अलावा ओढां थाना पुलिस ने गांव घुकांवाली क्षेत्र से आरोपी जगदेव सिंह को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से अवैध पिस्तौल बरामद की है। ओढां थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस टीम गश्त पर थी। गांव घुकांवाली क्षेत्र में एक युवक आता दिखाई दिया जो कि पुलिस टीम को देखकर वापस मुड़ गया। पुलिस ने शक के आधार पर उसे काबू कर तलाशी ली तो उसके कब्जे से 12 बोर का एक अवैध पिस्तौल बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *