राम नाम मनुष्य को कठिन परिस्थितियों में सही मार्ग चुनने की शक्ति देता है: नायब सैनी

चंडीगढ़, 16 अगस्त । हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि राम नाम का सिमरन मन को स्थिर करता है, विवेक को जागृत करता है और मनुष्य को कठिन परिस्थितियों में भी सही मार्ग चुनने की शक्ति देता है। सैनी रविवार को पंजाब के अमृतसर के रामपुरा स्थित सुलहाकुल मंदिर में आयोजित सत्संग के दौरान साध संगत को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बाबा अवतार सिंह महाराज से आशीर्वाद लिया। मंदिर प्रबंधन की ओर से बाबा अवतार सिंह महाराज ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को शॉल ओढ़ाकर व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री सैनी ने पंजाब के युवाओं से आह्वान किया कि अपने जीवन को नशे के हाथों न सौंपें। माता-पिता के सपनों को अपना संकल्प बनाइए। खेलिए, पढ़िए, कौशल सीखिए, परिश्रम कीजिए और हर दिन कुछ समय ईश्वर-स्मरण के लिए निकालिए। उन्होंने गुरु नगरी अमृतसर की धरा को पवित्र ,त्याग, तपस्या, भक्ति, वीरता और मानव सेवा की धरा बताते हुए कहा कि भारत सदियों से आध्यात्मिक प्रकाश से पूरी दुनिया को आलोकित करता आ रहा है। भारत मानवता की वह आवाज है जो सदियों से पूरी दुनिया को कहती आई है-प्रेम से रहो, मिलकर चलो और प्रत्येक जीव में परमात्मा को देखो। इसी महान भारतीय परंपरा को सुलाहकुल मिशन पिछले लगभग दो सौ वर्षों से आगे बढ़ा रहा है।

नायब सिंह सैनी ने परम पूज्य संत साहिब दयाल जी द्वारा शुरू किये गए इस आध्यात्मिक मिशन द्वारा मानवता के लिए निरंतर हो रहे कार्यों की सराहना की और कहा कि हमारे संतों की विशेषता यह है कि वे अपने जीवन से उदाहरण प्रस्तुत करते हैं। संत श्री अवतार सिंह जी महाराज का जीवन भी इसी सत्य का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि कोविड-19 महामारी के कठिन दौर में भी इस मिशन ने जरूरतमंद परिवारों तक सहायता पहुंचाई। ये सभी कार्य बताते हैं कि सच्ची सेवा समाज की जरूरतों से कभी अलग नहीं होती।

मुख्यमंत्री सैनी ने नशा के फैलते जाल पर चिंता जाहिर करते हुए कहा कि आज हमारे समाज के सामने नशा एक गंभीर चुनौती है। नशा केवल एक युवा के शरीर को नहीं, बल्कि पूरे परिवार के सपनों को तोड़ देता है। मुझे इस बात की खुशी है कि महाराज जी युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए 40 गांवों के स्वास्थ्य क्लबों को कबड्डी और वॉलीबॉल प्रतियोगिताएं आयोजित करने में सहयोग दे रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *