‘सही खान-पान, स्वस्थ राजस्थान’ अभियान 3 से 16 अक्टूबर तक

बीकानेर, 02 अक्टूबर । आमजन को सुरक्षित, पौष्टिक एवं स्वस्थ खान-पान के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से ‘सही खान-पान, स्वस्थ राजस्थान’ अभियान 3 से 16 अक्टूबर तक प्रदेशभर में चलाया जाएगा। अभियान के तहत मिलावट की पहचान, स्वस्थ थाली, खाद्य पदार्थों के लेबल पढ़ने, स्वच्छता एवं भोजन की बर्बादी रोकने सहित विभिन्न विषयों पर जागरूकता गतिविधियां आयोजित होंगी।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुखराज साध ने बताया कि चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर के निर्देशानुसार बीकानेर जिले में भी अभियान के तहत स्कूलों, कॉलेजों, अस्पतालों एवं सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब के माध्यम से दूध, घी, तेल, मसाले एवं मिठाइयों में मिलावट की पहचान के आसान तरीकों की जानकारी दी जाएगी। विद्यार्थियों को स्वस्थ टिफिन, पौष्टिक आहार, श्रीअन्न एवं खाद्य पदार्थों के लेबल पढ़ने के बारे में जागरूक किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि आमजन को पैकेटबंद खाद्य सामग्री खरीदते समय लाइसेंस/पंजीकरण संख्या, निर्माण एवं पैकिंग तिथि, बेस्ट बिफोर/एक्सपायरी डेट तथा पोषण संबंधी जानकारी वाला लेबल पढ़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा। साथ ही कम नमक, कम तेल और कम चीनी के सेवन, स्थानीय एवं पौष्टिक खाद्य पदार्थों को आहार में शामिल करने, नियमित शारीरिक गतिविधि करने तथा भोजन की बर्बादी रोकने का संदेश दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *