हथकड़ शराब के खिलाफ कार्रवाई करने गई पुलिस टीम पर हमला

जयपुर, 29 अक्टूबर । शिवदासपुरा थाना क्षेत्र के सीतापुरा में हथकड़ शराब के खिलाफ कार्रवाई करने गई जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। 28 अक्टूबर को हुई घटना में हेड कांस्टेबल मान सिंह घायल हो गए। आरोप है कि करीब 20 से 21 महिला-पुरुषों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की और मारपीट की तथा पथराव कर सरकारी बोलेरो का शीशा तोड़ दिया। पुलिस ने मामले में नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

थानाधिकारी राजेश गौतम ने बताया कि डीएसटी के हेड कांस्टेबल मान सिंह टीम के साथ सरकारी बोलेरो में सीतापुरा स्थित नारायण बाबा की ढाणी के पास एक खेत में हथकड़ शराब के मामले में कार्रवाई करने पहुंचे थे। मौके पर चार लोगों के पास शराब होने की जानकारी सामने आई, जिसके बाद पुलिस ने राहुल मीणा और मुकेश मीणा को पकड़ लिया। आरोप है कि इसी दौरान नारायण बाबा की ढाणी और आसपास की ढाणियों से करीब 20-21 लोग मौके पर पहुंच गए। इनमें महिलाएं भी शामिल थीं। भीड़ ने कार्रवाई का विरोध करते हुए दोनों पकड़े गए व्यक्तियों को छुड़ा लिया। इस दौरान पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट और पथराव किया गया। हमले में हेड कांस्टेबल मान सिंह के सिर, चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। पथराव के दौरान सरकारी बोलेरो का शीशा भी टूट गया। पुलिस रिपोर्ट में राहुल मीणा और मुकेश मीणा को छुड़ाकर ले जाने के साथ अपाची मोटरसाइकिल भी ले जाने का आरोप लगाया गया है।

पुलिस रिपोर्ट में राहुल मीणा, मुकेश मीणा, नरसी, पप्पू मीणा, कृष्ण, विष्णु, बनवारी, कैलाशराम उर्फ बनवारी और विकास उर्फ पोला मीणा सहित अन्य लोगों के नाम शामिल हैं। रिपोर्ट में कुछ महिलाओं के नाम भी दर्ज हैं।

थानाधिकारी राजेश गौतम ने बताया कि हथकड़ शराब के खिलाफ कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम के साथ मारपीट और सरकारी वाहन में तोड़फोड़ की गई। मामले में नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *