नॉर्वे अगले साल यूक्रेन को देगा 9.2 अरब डॉलर की सैन्य सहायता

कीव, 23 अगस्त । नॉर्वे ने यूक्रेन के लिए साल 2027 में 85 अरब नॉर्वेजियन क्रोन (करीब 9.2 अरब डॉलर) की नई सहायता की घोषणा की है। नॉर्वे के प्रधानमंत्री जोनास गहर स्टोर ने रविवार को कीव यात्रा के दौरान यह ऐलान किया।

तुर्किए की सरकारी समाचार एजेंसी अनाडोलू के मुताबिक, प्रधानमंत्री स्टोर ने कहा कि नॉर्वे, यूक्रेन की रक्षा की लड़ाई में उसके साथ खड़ा रहेगा। इस घोषणा के जरिए नॉर्वे यह स्पष्ट संदेश देना चाहता है कि वह यूक्रेन के नागरिकों और सेना, दोनों का समर्थन जारी रखेगा।

कुल सहायता पैकेज में से 70 अरब क्रोन (करीब 7.5 अरब डॉलर) सैन्य सहायता के लिए निर्धारित किए गए हैं, जबकि 15 अरब क्रोन (करीब 1.6 अरब डॉलर) नागरिक सहायता के लिए दिए जाएंगे। साल 2027 के लिए घोषित यह पैकेज लगातार तीसरा साल होगा, जब नॉर्वे यूक्रेन को सालाना 85 अरब क्रोन की सहायता उपलब्ध कराएगा।

कीव यात्रा के दौरान स्टोर ने रूस के खिलाफ भी कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि यूक्रेन के लोग हर दिन रूस के युद्ध के परिणामों का सामना कर रहे हैं। स्टोर ने यूक्रेनी शहरों और महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे पर रूसी मिसाइल और ड्रोन हमलों का जिक्र करते हुए कहा कि नागरिकों को सुनियोजित रणनीति के तहत निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यूक्रेन अपनी आजादी, स्वतंत्रता और अपने भविष्य का फैसला खुद करने के अधिकार के लिए लड़ रहा है। ऐसे में नॉर्वे के लिए यूक्रेन के लोगों के साथ खड़ा रहना जरूरी है।

स्टोर रविवार को नॉर्डिक और बाल्टिक देशों के नेताओं के साथ कीव पहुंचे। अपनी यात्रा के दौरान वह यूक्रेन और नॉर्डिक-बाल्टिक देशों के बीच होने वाले शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। इसके अलावा, स्टोर के यूक्रेन के राष्ट्रीय ध्वज दिवस से जुड़े कार्यक्रमों में शामिल होने और यूक्रेनी अधिकारियों के साथ बैठक करने की भी उम्मीद है। नॉर्वे की नई सहायता घोषणा से यूक्रेन को सैन्य और नागरिक दोनों मोर्चों पर लंबे समय तक समर्थन मिलने का संकेत मिला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *